बालोद , फरवरी 09 -- छत्तीसगढ़ के बालोद शहर में मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां बीच रास्ते बाइक अड़ाकर खड़े युवकों को हटने के लिए कहना एक हमाल को भारी पड़ गया। आरोपियों ने उसे दौड़ा-दौड़ा कर चाकू से गोद दिया। हमले में युवक की पेट की अंतड़ियां बाहर आ गईं। गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल से रायपुर रेफर किया गया है, जहां उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

यह घटना बालोद शहर के वार्ड क्रमांक-14 आमापारा क्षेत्र की है। बालोद टीआई शिशुपाल सिन्हा ने बताया कि 6 फरवरी की दोपहर करीब 3.30 बजे गुंडरदेही वार्ड क्रमांक-3 कोकड़ीपारा बघमरा निवासी अमन सोनी (24), ग्राम रिवागहन (बटरेल) थाना जामगांव आर निवासी गुलशन साहू (20) तथा एक नाबालिग युवक सिंचाई कॉलोनी से शराब दुकान जाने वाले शॉर्टकट मार्ग पर बाइक अड़ाकर खड़े थे।

इसी दौरान खपरी (मालीघोरी) निवासी हमाल धर्मेंद्र ठाकुर (25) अपने साथी प्रवीण निर्मलकर (25) के साथ शराब दुकान से लौट रहे थे। गौठान के पास ब्रेकर के समीप रास्ता बाधित होने पर प्रवीण ने युवकों से बाइक हटाने को कहा। इसी बात पर आरोपी भड़क उठे और गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।

पीड़ितों के अनुसार, दोनों युवक लगातार माफी मांगते रहे, बावजूद इसके आरोपियों ने बेरहमी से मारपीट जारी रखी। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और कुछ लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास भी किया। किसी तरह दोनों वहां से भागे, लेकिन करीब 400 मीटर दूर ब्रह्माकुमारी आश्रम जाने वाले मार्ग के पास खरखरा केनाल के समीप आरोपियों ने प्रवीण निर्मलकर को दोबारा पकड़ लिया।

यहां आरोपियों ने पेट, पीठ और सीने पर चाकू से ताबड़तोड़ वार किए और मौके से फरार हो गए। हमले में प्रवीण की पेट की अंतड़ियां बाहर आ गईं। राहगीरों की मदद से उसे तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से रायपुर रेफर किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित