बीकानेर , फरवरी 11 -- राजस्थान में बीकानेर जिले के खाजूवाला सीमा क्षेत्र में बुधवार को सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पाकिस्तानी तस्करों द्वारा भेजी गयी दो किलो हेरोइन बरामद की है।
बीएसएफ के सूत्रों ने बताया कि बरामद हेरोइन की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 10 करोड़ रुपये बतायी जा रही है। सूत्रों ने बताया कि बीएसएफ की खुफिया इकाई ने सीमा पर स्थित चक एक बीएम की रोही में तड़के चार पैकिट बरामद किये जिसमें दो किलो हेरोइन भरी थी।
सूत्रों ने बताया कि ये पैकेट सीमा पार से पाकिस्तानी तस्करों ने ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में गिराये थे। इस घटना के बाद खाजूवाला पुलिस और बीएसएफ ने संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। फिलहाल क्षेत्र में खुफिया एजेंसियों सक्रिय हो गयी हैं और हेरोइन को लेने आने तस्करों की तलाश में जुटी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित