बीकानेर , नवम्बर 21 -- केंद्रीय कानून राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल की पहल पर राजस्थान में बीकानेर में अंतरराष्ट्रीय साइकिल रैली 'वेदांता टूर डी थार' 23 नवम्बर को आयोजित की जायेगी।

श्री मेघवाल ने शुक्रवार को यहां पत्रकारों को बताया कि 100 और 200 किलोमीटर लंबी बीकानेर के नौरंगदेसर में सुबह साढ़े बजे निकाली जायेगी। उन्होंने कहा कि साइकिल कार्बन उत्सर्जन कम करने और पर्यावरण को संरक्षित करने का मुख्य माध्यम है। बीकानेर में भी इसकी समृद्ध परम्परा रही है।

श्री मेघवाल ने बताया कि वर्तमान समय में फ्रांस में 'टूर डी फ्रांस' के साइक्लिंग का अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम होता है। इसी तर्ज पर बीकानेर में पहली बार अंतरराष्ट्रीय स्तर की साइकिल रैली 'वेदांता टूर डी थार' का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सांसद खेल महोत्सव-2025' के निर्देशानुसार युवा मामले और खेल मंत्रालय के फिट इंडिया के सहयोग एवं साइक्लिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया के तकनीकी सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।

श्री मेघवाल ने बताया कि इसकी शुरूआत सुबह सवा आठ बजे भारतमाला एक्सप्रेस वे पर होगी। यह नौरंगदेसर से देसलसर तक 50 किलोमीटर की दूरी तक जायेगी और फिर वहां से लौटकर नौरंगदेसर आयेगी। रैली के दौरान भारतमाला की एक तरफ की 50 किमी की दूरी को पूरी तरह से आम यातायात से मुक्त रखा जाएगा।

उन्होंने बताया कि ग्लोबल हैप्पीनेस फाउंडेशन की ओर से प्रायोजित इस साइकिल रैली में भारत के विभिन्न राज्यों के साथ साथ विदेशों के साइक्लिस्ट भी शामिल होंगे। यह पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नक्शे पर बीकानेर को नई पहचान दिलाएगी। इससे फिट इंडिया का संदेश जाएगा। इससे साइक्लिंग को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

श्री मेघवाल ने बताया कि रैली में फ्रांस, स्विट्जरलैंड और सिंगापुर सहित देश के विभिन्न राज्यों के 750 से अधिक साइकिल धावक भागीदारी निभाएंगे। जर्मन से भी साइकिस्ट आने की संभावना है। इनमें बीकानेर जिले के भी करीब 250 साइक्लिस्ट शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पंजीकरण ऑनलाइन माध्यम से किया गया। इसमें शिरकत करने वालों में 662 पुरुष और 124 महिलाएं हैं। जिनमें 16 वर्ष से लेकर 69 वर्ष आयु तक के प्रतिभागी शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि यह साइकिल रैली 100 और 200 किलोमीटर की श्रेणियों में होगी। दोनों ही रैली में निर्धारित आयु वर्ग और ओपन कैटेगरी रखी गई है। निर्धारित आयु वर्ग में पुरुष और महिला दोनों के लिए 16-30 वर्ष, 31-45 वर्ष और 45 वर्ष से ज्यादा तीन श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। वहीं ओपन कैटेगरी में किसी भी उम्र का कोई भी धावक हिस्सा ले सकेगा। प्रत्येक कैटेगरी में प्रथम तीन को पुरस्कार प्रदान किया जाएंगे।

श्री मेघवाल ने बताया कि प्रोफेशनल एलिट वर्ग में टॉप 10 प्रतिभागियों को महिला एवं पुरुष वर्ग में पुरस्कृत किया जाएगा। रैली में कुल 27 लाख रुपए के पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रोफेशनल इलीट वर्ग में शीर्ष 10 पुरस्कारों में क्रमश: सवा लाख, 90 हजार, 75 हजार, 60 हजार, 50 हजार, 40 हजार, 35 हजार, 30 हजार, 20 हजार, 15 हजार के पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

इसी प्रकार 100 किलोमीटर सोलो एमेच्योर ग्रुप पुरस्कारों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहने वालों को क्रमशः 70 हजार, 55 हजार और 45 हजार का पुरस्कार एवं विभिन्न आयुवर्गों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को क्रमश: 40 हजार, 30 हजार और 25 हजार के पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

श्री मेघवाल ने बताया कि रैली का पुरस्कार वितरण समारोह रायसर स्थित भाटी डेजर्ट में 23 नवंबर को सायं छह बजे आयोजित किया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित