बीकानेर , नवम्बर 21 -- राजस्थान में केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल की पहल पर बीकानेर में 22 नवम्बर को जिला परिषद सभागार में 'थार स्थिरता सम्मेलन' का आयोजन किया जाएगा।

सम्मेलन में मुख्य वक्ता केंद्रीय कानून मंत्री मेघवाल होंगे।

आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार काे बताया कि ग्लोबल हैप्पीनेस फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में फ्रांस, सिंगापुर, स्विट्ज़रलैंड और जर्मनी सहित कई देशों के विशेषज्ञ शामिल होंगे। सम्मेलन की शुरुआत फ्रांस के पियर गर्बॉड के सम्बोधन से होगी। पियर गर्बॉड जलवायु परिवर्तन मामलों के अंतरर्राष्ट्रीय स्तर के विशेषज्ञ हैं। जो पर्यावरण अनुकूलन से जुड़े अपने शोध के लिए विशेष पहचान रखते हैं। इसके बाद एलिना मर्लिन का व्याख्यान होगा।

सूत्रोंं ने बताया कि पहले सत्र में 'सदियों से बीकानेर की विरासत और पहचान' विषय पर चर्चा होगी। इसमें स्वामी समानंद गिरि और डॉ. विमल कुमार गहलोत बीकानेर की ऐतिहासिक पहचान, सांस्कृतिक धरोहर और मरुस्थलीय समाज के विकास पर विचार प्रस्तुत करेंगे।

इसके बाद 'जलवायु परिवर्तन और थार की जैव विविधता' पर केंद्रित पैनल की चर्चा होगी। इस सत्र में मौसम वैज्ञानिक लक्ष्मण सिंह राठौड़, शोधकर्ता कुणाल पटावरी और विशेषज्ञ सौरभ सर्राफ थार के संवेदनशील पारिस्थितिक तंत्र और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों पर चर्चा करेंगे।

सूत्रों ने बताया कि दोपहर बाद संस्कृति, कला और पर्यटन: बीकानेर के लिये एक सामाजिक, आर्थिक दृष्टिकोण' विषय पर अंतरराष्ट्रीय पैनल चर्चा होगी। इसमें स्विट्ज़रलैंड में कार्यरत समाज वैज्ञानिक डॉ. रश्मि राय रावत और संस्कृति पर्यटन विशेषज्ञ गोपाल सिंह चौहान बीकानेर की कला, परंपरा, विरासत और रचनात्मक अर्थव्यवस्था की संभावनाओं पर अपने विचार साझा करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित