जालंधर, सितंबर 26 -- सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के महानिदेशक दलजीत सिंह चौधरी ने राष्ट्रीय राजधानी में सीमा सुरक्षा बल मुख्यालय में आयोजित राजभाषा समारोह में बीएसएफ पंजाब सीमांत को "राजभाषा शील्ड 2024-25" प्रदान कर सम्मानित किया। यह सम्मान राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार और उत्कृष्ट कार्य निष्पादन में अग्रणी रहने के लिए दिया गया।

इस अवसर पर पंजाब सीमांत की ओर से उप महानिरीक्षक सेतुराम ने यह गौरवपूर्ण सम्मान ग्रहण किया।

बीएसएफ पंजाब फ्रंटियर के जनसंपर्क अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि विगत वर्षों में महानिरीक्षक डॉ. अतुल फुलझेले के नेतृत्व में पंजाब सीमांत ने राजभाषा हिंदी के प्रयोग और प्रसार को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया। विभिन्न प्रतियोगिताओं, संगोष्ठियों और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन से बल कर्मियों में हिंदी के प्रति दक्षता और रुचि निरंतर बढ़ी है।

अपने संबोधन में बल महानिदेशक ने कहा, "सरकारी कार्यों के निष्पादन में हिंदी का अधिकाधिक प्रयोग हमारी सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाता है।" उन्होंने अधिकारियों और कार्मिकों से राजभाषा हिंदी को व्यवहारिक कार्यों का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। यह उपलब्धि न केवल पंजाब सीमांत के लिए गौरव का विषय है, बल्कि संपूर्ण सीमा सुरक्षा बल की हिंदी के प्रति प्रतिबद्धता और समर्पण का प्रतीक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित