अलवर , जनवरी 09 -- राजस्थान में अलवर में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) 155 बटालियन के जवान गोविंद बैरवा (34) का शुक्रवार को उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार किया गया। बीएसएफ जवान के आठ वर्ष के बेटे नमन ने पिता को मुखाग्नि दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार शाम ड्यूटी के दौरान बीमारी के चलते फिरोजपुर (पंजाब) में गोविंद का निधन हो गया था। वह अलवर के कठूमर में जांगरू गांव के रहने वाले थे।
इससे पहले बीएसएफ के निरीक्षक रामनिवास यादव जवानों के साथ गुरुवार को बीएसएफ की गाड़ी से गोविंद बैरवा का पार्थिव शरीर को फिरोजपुर से जांगरू लेकर आए। जांगरू गांव में आज करीब एक किलोमीटर की तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में युवा हाथों में तिरंगा लिए भारत माता के जयकारे लगाते हुए चले।
रास्ते में कई जगह ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा करके श्रद्धांजलि दी। जवान के पार्थिव शरीर के गांव पहुंचने पर घर में कोहराम मच गया। पत्नी सपना देवी, मां पारवो देवी सहित घरवालों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। बीएसएफ जवानों ने पुष्प चक्र अर्पित किए एवं गार्ड ऑफ ऑनर दिया। जवान गोविंद बैरवा 14 वर्ष पहले जोधपुर से बीएसएफ में भर्ती हुए थे। पिछले महीने ही गांव आए थे। गत 13 दिसंबर को छुट्टी काटकर वापस ड्यूटी पर फिरोजपुर लौटे थे। अचानक बीमार होने से सात जनवरी को उन्होंने अंतिम सांस ली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित