मुंबई, 06 (वार्ता) सांसद रवि किशन और उत्तर प्रदेश महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव सहित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कई वरिष्ठ नेता 15 जनवरी को होने वाले बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) चुनाव से पहले पार्टी उम्मीदवारों के पक्ष में चुनाव प्रचार कर सकते हैं।
पार्टी के एक सूत्र ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होने बताया कि भाजपा की मुंबई इकाई ने इस सिलसिले में उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और संगठन सचिव को एक पत्र लिखा है। पत्र में अनुरोध किया गया है कि प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों को उनकी उपलब्धता के आधार पर चुनाव प्रचार के लिए मुंबई भेजा जाए। श्रीमती यादव और श्री किशन के अलावा इस सूची में दिनेश लाल यादव निरहुआ, सुरेंद्र चौरसिया, मनीष कुमार जायसवाल, शलभ मणि त्रिपाठी, अवधेश सिंह, रमेश मिश्रा, छोटूराम और रमेश जायसवाल शामिल हैं।
मुंबई भाजपा अध्यक्ष अमित साटम ने कहा कि पार्टी को नगर निगम चुनावों को सुचारू रूप से चलाने और संगठनात्मक सफलता सुनिश्चित करने के लिए अनुभवी नेताओं के मार्गदर्शन और सक्रिय भागीदारी की आवश्यकता है। भाजपा का मानना है कि यूपी के प्रमुख नेताओं और लोकप्रिय चेहरों की मौजूदगी से प्रचार में जान आएगी और मतदाताओं, खासकर मुंबई में बड़ी संख्या में हिंदी भाषी आबादी के बीच पहुंच मजबूत होगी।
बृहन्मुंबई नगर निगम चुनाव 15 जनवरी को होंगे और वोटों की गिनती अगले दिन होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित