जयपुर , मार्च 19 -- बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया ने राजस्थान के लग्जरी उपभोक्ताओं के लिए गुरुवार को जयपुर में मिनी ब्रांड पेश किया और राष्ट्रीय स्तर पर नयी लग्जरी कार 'मिनी कूपर एस' का विक्ट्री एडिशन बाजार में उतारा।

कंपनी के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी हरदीप सिंह बरार ने गुरुवार को यहां मीडिया से बात करते हुए कहा कि कंपनी के प्रतिष्ठित मिनी ब्रांड के राजस्थान में प्रवेश कर लेने से राज्य में अपनी स्थिति को और मजबूत बना लिया है। इसके साथ ही कंपनी ने जोधपुर में अपना नया शोरूम खोला है और बीएमडब्ल्यू ग्रुप इंडिया अब जयपुर, उदयपुर और जोधपुर सहित राजस्थान के मुख्य शहरों में मौजूद है।

उन्होंने बताया कि सांघी क्लासिक वर्ष 2009 से राजस्थान में बीएमडब्ल्यू के एक्सक्लुजिव डीलर पार्टनर हैं और अब बीएमडब्ल्यू का प्रतिनिधित्व करने के लिए भी उन्हें ही नियुक्त किया गया है। इसके साथ मिनी ने उत्तर भारत के सबसे महत्वपूर्ण लग्जरी ऑटोमोबाइल बाजारों में से एक में प्रवेश किया है तथा अपने डायनामिक पोर्टफोलियो के साथ उपभोक्ताओं को बेजोड़ अनुभव प्रदान करने के लिए तैयार है।

श्री बरार ने बताया कि जयपुर में नयी पेश की गयी मिनी डीलरशिप-संघी क्लासिक में स्पेशल एडिशन मिनी का लांच किया गया और मिनी कूपर एस के विक्ट्री एडीशन की कीमत 57 लाख 50 हजार रुपये होगी। उन्होंने बताया कि कार पूरी तरह तैयार यूनिट के रूप में देश में उपलब्ध होगी और इसकी डिलीवरी भी तुरंत शुरू कर दी जायेगी। यह कार एक्सक्लूसिव चिली रेड एक्सटीरियर पेंटवर्क में उपलब्ध होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित