वाराणसी , मार्च 24 -- उत्तर प्रदेश के वाराणसी में बीएचयू परिसर के बिरला हॉस्टल के पास हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
लंका थाना पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्तों में पीयूष तिवारी (22), ऋषभ राय (24) और तपस राय (23) शामिल हैं, जो बिहार के रोहतास और कैमूर जनपदों के निवासी हैं। पुलिस ने बताया कि तीनों आरोपी आपराधिक प्रवृत्ति के हैं और उनके खिलाफ विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं।
घटना 21 फरवरी 2026 को बीएचयू परिसर स्थित बिरला हॉस्टल के पास हुई थी, जहां आपसी रंजिश के चलते आरोपियों ने फायरिंग की थी। मामले में पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी और आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लेने के बाद गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के दौरान उनके कब्जे से एक अवैध .32 बोर पिस्टल भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, तीनों आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद सभी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित