हैदराबाद , मार्च 30 -- राघव कंस्ट्रक्शंस से जुड़ी अवैध खनन गतिविधियों और राजस्व मंत्री पोंगुलेटी श्रीनिवास रेड्डी को बर्खास्त करने की मांग को लेकर तेलंगाना विधान परिषद में विरोध प्रदर्शन के बाद सोमवार को भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) के कई विधान परिषद सदस्यों (एमएलसी) को निलंबित कर दिया गया।सदन की कार्यवाही शुरू होते ही बीआरएस सदस्य नारेबाजी करने लगे और सभापति के आसन के पास पहुंच गये। वे हाथों में तख्तियां लिये हुए थे और कथित अनियमितताओं की जांच के लिए सदन की समिति गठित करने की मांग कर रहे थे। उन्होंने कैबिनेट मंत्री रेड्डी को तत्काल हटाने की भी मांग की।
हंगामे पर प्रतिक्रिया देते हुए सूचना प्रौद्योगिकी एवं उद्योग मंत्री डी. श्रीधर बाबू ने कहा कि मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी पहले ही विधानसभा में घोषणा कर चुके हैं कि इस मामले की सीबीसीआईडी जांच के आदेश दिये जायेंगे। उन्होंने बीआरएस सदस्यों से सदन के सुचारू संचालन में सहयोग करने का आग्रह किया।परिषद के सभापति गुट्टा सुखेंदर रेड्डी ने भी प्रदर्शनकारी सदस्यों से व्यवस्था बनाये रखने और सदन की गरिमा का सम्मान करने की बार-बार अपील की। इन अनुरोधों के बावजूद विरोध जारी रहा, जिसके बाद सरकार को उन्हें निलंबित करने का प्रस्ताव लाना पड़ा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित