हैदराबाद , फरवरी 05 -- तेलंगाना प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष एन रामचंदर राव ने गुरुवार को कहा कि भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और कांग्रेस के 12 साल के शासन ने राज्य को कर्ज, भ्रष्टाचार और प्रशासनिक अव्यवस्था में धकेल दिया है जबकि विकास का कोई नामोनिशान नहीं है।
श्री राव मुशीराबाद में आयोजित 'शहरी तेलंगाना के ह्रास के 12 साल' कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी भी मौजूद रहे।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि बीआरएस के 10 साल और कांग्रेस के दो साल शहरी स्थानीय निकायों में गंभीर आर्थिक एवं प्रशासनिक पतन का कारण रहे हैं। राज्य में कहीं कोई विकास नहीं हुआ, वहीं नगर निकम निकाय कर्ज में डूब गये हैं। सिर्फ ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम पर पांच हज़ार करोड़ का कर्ज़ था, जबकि अन्य 123 नगरपालिकाओं पर 3,600 करोड़ का कर्ज़ था।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने चुनाव से पहले छह गारंटियां दी थीं, लेकिन उनमें से एक भी पूरी नहीं हो सकी। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन व्यवस्थाओं का काम भ्रष्टाचार खत्म करना था, वे पूरी तरह विफल हो गयी हैं। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर लोगों को बदलाव के नाम पर भ्रमित करने का और सिर्फ एक साल में 80,000 रुपए कर्ज़ लेकर राज्य को कर्ज़ में डुबोने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि शुल्क प्रतिपूर्ति, किसान कर्ज़ माफ़ी और रितु भरोसा जैसी योजनाएं लागू करने की सरकार की असफलता बेरोजगारी, सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी और ऑटो चालकों, बुनकरों और किसानों के बीच चिंता की स्थिति का कारण बनी है। उन्होंने रेवंत रेड्डी सरकार पर तुष्टिकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि बीआरएस नेताओं का कांग्रेस में शामिल होना जनादेश के साथ धोखा और लोकतंत्र का मज़ाक था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित