कागजनगर (तेलंगाना) , फरवरी 07 -- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) और सत्ताधारी कांग्रेस पर तीखा हमला किया और उन पर भ्रष्टाचार, कुशासन और प्रशासनिक नाकामी से तेलंगाना की अर्थव्यवस्था को बर्बाद करने का आरोप लगाया।

श्री फडणवीस ने भाजपा के निकाय चुनाव अभियान के तहत सार्वजनिक बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि बीआरएस और कांग्रेस सरकार की नीतियों की वजह से तेलंगाना का खजाना खाली हो गया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य का कर्ज आसमान छू रहा है, जिससे राज्य गंभीर वित्तीय दबाव से जूझ रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया, "बीआरएस और कांग्रेस नेताओं की नाकामी, लापरवाही और नाकाबिलियत ने उम्मीद से भरे तेलंगाना को कर्ज में डूबे राज्य में बदल दिया है। उन्होंने भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था की कमी से अपनी जेबें तो भरीं, लेकिन किसानों या गरीबों के लिए कुछ भी काम का नहीं किया।"राज्यों के बीच पानी के मुद्दों पर श्री फडणवीस ने कहा कि एक आंध्र प्रदेश के समय में गोदावरी के पानी को लेकर दशकों से झगड़े होते रहे हैं। तेलंगाना बनने के बाद हालांकि महाराष्ट्र ने टकराव के बजाय सहयोग को चुना।

उन्होंने याद किया कि 2015 में जब मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव (केसीआर) थे, उन्होंने गोदावरी का पानी मांगने के लिए महाराष्ट्र से संपर्क किया था। उन्होंने बताया, "हमने उनसे साफ कहा कि हम सब भारतीय हैं और झगड़े नहीं चाहते। परियोजना की ऊंचाई थोड़ी कम करने से तेलंगाना को खेती में फायदा होगा, जबकि गढ़चिरौली डूबने से बच जायेगा।"श्री फडणवीस ने दावा किया कि महाराष्ट्र ने बिना किसी झगड़े के तेलंगाना को पानी देने का फैसला लिया और आज तेलंगाना में सिंचाई का विकास कुछ हद तक महाराष्ट्र के अच्छे रवैये की वजह से है।

प्राणहिता परियोजना पर सिरपुर के विधायक हरीश बाबू के सवालों का जवाब देते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने उन्हें नगर निगम चुनावों के बाद बातचीत के लिए बुलाया।

उन्होंने कहा, "अगर पड़ोसी राज्य महाराष्ट्र को नुकसान पहुंचाए बिना फायदा होता है तो हम इसका स्वागत करते हैं। अगर किसानों के साथ न्याय होता है तो हम हमेशा बातचीत के लिए तैयार हैं।"श्री फडणवीस ने मेडिगड्डा मुद्दे पर बीआरएस और कांग्रेस दोनों पर महाराष्ट्र के किसानों को धोखा देने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दोनों पार्टियों ने परियोजना की वजह से डूबी जमीनों के लिए मुआवजे का वादा किया था, लेकिन पूरा नहीं किया।

उन्होंने कहा, "महाराष्ट्र के पानी छोड़ने के बावजूद इन पार्टियों ने बेईमानी की। हमारी सरकार ने ही आखिर में प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया।" उन्होंने बीआरएस और कांग्रेस को 'धोखे में साझीदार' बताया।

श्री फडणवीस ने केंद्र की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार 'स्मार्ट सिटी' और 'अमृत' जैसी योजनाओं के जरिये शहरी विकास के लिए सीधे फंडिंग कर रही है।

उन्होंने कहा कि कस्बों और शहरों में सड़कों और ड्रेनेज के लिए काफी फंड दिए जा रहे हैं। मतदाताओं से नगर निगम चुनावों में भाजपा को समर्थन करने की अपील करते हुए श्री फडणवीस ने कहा कि केंद्र सरकार के समर्थन से आने वाले दिनों में बेल्लमपल्ली और गढ़चिरौली को जोड़ने वाले हाईवे का काम शुरू किया जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित