सोनीपत , फरवरी 23 -- केंद्र सरकार की 'युवा आपदा मित्र' पहल के तहत आयोजित सात दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी एंड साइंस (बीआईटीएस) मोहना में हुआ।

यह कार्यक्रम जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा हरियाणा राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के सहयोग से आयोजित किया गया। समापन समारोह मेंजिला शिक्षा अधिकारी नवीन गुलिया ने कहा कि आपदाएं बिना चेतावनी के आती हैं और उनसे निपटने के लिए पूर्व तैयारी बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित युवा स्वयंसेवक किसी भी आपदा की स्थिति में पेशेवर बचाव दल के पहुंचने तक समुदाय और प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करेंगे।

जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के परियोजना अधिकारी विनीत कादियन ने बताया कि प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य युवाओं को प्राथमिक प्रतिक्रिया क्षमता से लैस करना है, ताकि वे आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी सहायता प्रदान कर सकें। सप्ताह भर चले इस कार्यक्रम में स्वयंसेवकों को विभिन्न आपदा परिदृश्यों से निपटने के लिए सैद्धांतिक और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित