, March 1 -- राजधानी के लोग अब काफी ज्यादा स्वास्थ्य के प्रति सजग हुए हैं! यही वजह है कि होली में केमिकल वाले रंगों और गुलाल की जगह प्राकृतिक और हर्बल रंग-गुलाल की खरीदारी करना पसंद कर रहे हैं। ग्राहकों की पहली पसंद हर्बल एवं सुगंधित गुलाल है। भारी डिमांड को देखते हुए बाजार में विभिन्न कंपनियों के हर्बल रंग एवं गुलाल उपलब्ध है।सेहत को लेकर सचेत पटनावासी जमकर हर्बल गुलाल और रंग की खरीदारी कर रहे हैं।बाजार में मलिंगा, कैक्टरीना, साधु-संत, हीरोइन के स्टाइल के बाल, मुर्गा बाल एवं लड़की बाल के साथ पंजाबी दाढ़ी जटा एवं जोकर शैली के कृत्रिम बाल उपलब्ध है।बाजार में अमेरिकन टोपी, रबड़ टोपी, मल्टी टोपी, नवाब टोपी एवं कपड़ा टोपी के साथ कई टोपी उपलब्ध है।इस बार जगह-जगह होली मिलन समारोह हो रहे। समारोह के लिए लोग अबीर-गुलाल की जमकर खरीदारी करते दिख रहे।

होली को लेकर पटना में कपड़ों का बाजार भी सज गया है।विशेषकर कपड़े की दुकानों, मॉल और शोरूम में देर रात तक लोग अपने-अपने बजट और पसंद के अनुसार खरीदारी कर रहे हैं। होली के लिए खास तौर पर डिजाइन किये गये कपड़े भी बाजार में बिक रहे हैं। होली के पारंपरिक परिधान के रूप में सफेद वस्त्रों की विशेष मांग है। इसके अलावा, रंग-बिरंगे परिधान भी लोगों को पसंद आ रहे हैं। कारोबारियों ने होली को देखते हुए लोगों के पसंद के अनुसार कुर्ता-पायजामा एवं अन्य कपड़ों का स्टॉक तैयार रखा है। विशेषकर मोदी बंडी,युवाओं की पहली पसंद बनी हुई है। वहीं, हैप्पी होली लिखे टी-शर्ट की भी लोग खरीददारी कर रहे हैं।

होली के अवसर पर लोग कुर्ता-पायजामा की खरीदारी खूब कर रहे है। राजधानी पटना के खेतान मार्केट, पटना मार्केट, अशोक राज पथ, मौर्यालोक परिसर, बोरिंग रोड, कंकड़बाग, कदमकुंआ, हथुआ मार्केट,स्टेशन सहित कई जगहों पर वस्त्रों की खरीदारी की जा रही है।बाजार में सिर्फ रेडीमेड ही नहीं, बल्कि महिलाएं कपड़े खरीद कर सिलवाने में भी आगे हैं। नए कपड़ों का क्रेज महिलाओं और बच्चों के साथ-साथ पुरुषों में भी दिख रहा है। ट्राउजर एवं फार्मल शर्ट के अलावा फैंसी कुर्ता और शेरवानी की मांग ज्यादा बढ़ी है। युवा वर्ग स्किन टाइट जींस ज्यादा पसंद कर रहा है।

होली का पर्व नजदीक आने के साथ ही मिठाई की दुकानों पर पकवान भी सजने लगे हैं। सामान्य और मीठी के साथ कैसर वाली गुझियां भी लोगों के मन को भा रही हैं। पांच सौ रूपये से लेकर दो हजार तक के गिफ्ट पैक भी बाजार में पहुंच गए हैं। व्यापारियों ने अपनी दुकानों को आकर्षक तरीके से सजाया है। होली पर सामान्य रूप से गुझियों और नमकीन पकवानों का ही चलन है। इसमें नवीनता आई है और बाजार में नमकीन और बिस्किट के आकर्षक पैक भी पहुंच गए हैं।त्योहार की तैयारियों को देखते हुए लोग अपनी पसंद का सामान खरीदने के लिए बाजार में पहुंच रहे हैं। दुकानदारों का कहना है कि होली के करीब आते ही बिक्री में भी वृद्धि होने लगी है। विशेषकर पारंपरिक व्यंजनों की मांग अधिक है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित