पटना , मार्च 03 -- बिहार के संसदीय कार्य मंत्री विजय चौधरी ने मंगलवार को कहा कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) बिहार से खाली हुई राज्यसभा कई सभी पांच सीटों पर जीत दर्ज करेगा। श्री चौधरी ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से उनके सरकारी आवास पर मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि बिहार की सभी पांच राज्यसभा सीटों पर राजग की जीत तय है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर किसी तरह के भ्रम की गुंजाइश नही है।

मंत्री ने कहा कि राजग एकजुट हैं और राज्यसभा चुनाव के लिए मैदान में उतरे सभी पांच उम्मीदवार विजयी होंगे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) भले अपना उम्मीदवार उतार दे, लेकिन मुकाबले में वह कहीं नजर नहीं आएगी।

श्री चौधरी ने मुख्यमंत्री के पुत्र निशांत कुमार के राजनीति में प्रवेश की संभावना पर कहा कि जदयू के सभी नेता और कार्यकर्ता इसकी मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि वह राजनीति में आते हैं तो यह जदयू नेताओं और कार्यकर्ताओं की भावना के अनुरूप होगा। उन्होंने कहा कि निशांत एक युवा, परिपक्व और शिक्षित व्यक्ति हैं, जो राजनीति में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

मंत्री ने निशांत के राजग उम्मीदवार के रूप में राज्यसभा जाने की संभावना पर कहा कि उन्हें ऐसी कोई जानकारी नहीं है। मुख्यमंत्री के साथ हुई बैठक में इस विषय पर कोई चर्चा नहीं हुई।

उल्लेखनीय है कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बिहार से राज्यसभा की पांच सीटों के लिए चुनाव होना है, जिसके लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 05 मार्च है, जबकि आवश्यकता पड़ने पर 16 मार्च को मतदान कराया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित