पटना , मार्च 03 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को बिहार से राज्यसभा चुनाव के लिये पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और शिवेश कुमार के नाम की घोषणा उम्मीदवार के रूप में कर दी है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव और मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने एक विज्ञप्ति जारी कर बताया है कि पार्टी ने बिहार से नितिन नवीन और शिवेश कुमार समेत असम, छत्तीसगढ़, हरियाणा, ओड़िशा और प. बंगाल से कुल 10 उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दी है। उन्होंने कहा कि इन प्रस्तावित नामों को पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने स्वीकृति प्रदान की है।
नितिन नवीन बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट से चार बार विधायक रह चुके हैं और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सरकार में मंत्री के रूप में भी अपनी सेवायें दे चुके हैं। भाजपा संसदीय बोर्ड ने 14 दिसंबर को उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया था। इसके बाद जनवरी में वे निर्विरोध भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गये।
उल्लेखनीय है कि बिहार से राज्यसभा के पांच सदस्यों का कार्यकाल अप्रैल में समाप्त हो रहा है। इनमें राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के तीन और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के दो सदस्य शामिल हैं। जिन सदस्यों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है, उनमें जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के हरिवंश नारायण सिंह और रामनाथ ठाकुर, राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) के अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा और राजद के अमरेंद्र धारी सिंह और प्रेमचंद गुप्ता शामिल हैं।
बिहार विधानसभा की कुल सदस्य संख्या 243 है और राज्यसभा की एक सीट जीतने के लिये 41 विधायकों का समर्थन आवश्यक होता है। वर्तमान में राजग के पास 202 विधायकों का समर्थन है, जिसके बल पर वह चार सीटें आसानी से जीत सकता है। वहीं महागठबंधन की कुल संख्या 35 है, जिसमें राजद के 25 विधायक शामिल हैं। मौजूदा परिदृश्य में आरजेडी को जीत के लिये एआईएमआईएम के पांच विधायकों और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के एक विधायक के समर्थन की आवश्यकता पड़ेगी।
भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, नामांकन की अंतिम तिथि पांच मार्च निर्धारित की गई है। 16 मार्च को मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना की जायेगी और उसी दिन परिणाम घोषित कर दिये जायेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित