, April 27 -- मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने समीक्षा बैठक के दौरान निर्देश दिये कि शहरी विकास से जुड़ी योजनाओं को तेजी से पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, जलापूर्ति पर विशेष ध्यान दें, जो भी आधारभूत संरचनाओं का निर्माण कराया जा रहा है वह सुदृढ़ और गुणवत्तापूर्ण हो। उन्होंने निर्देश दिये कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत बचे हुये लोगों को तेजी से आवास उपलब्ध करायें, जिससे शहरी क्षेत्र के बेघर परिवारों को पक्का आवास मिल सके। ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिये पीपीपी मॉडल का उपयोग करें, जिससे कचरा का बेहतर प्रबंधन और सदुपयोग किया जा सके। सीवरेज शोधन संयंत्र (एसटीपी) को ठीक से फंक्शनल रखें साथ ही गंगा नदी के किनारे एसटीपी जहां भी निर्माणाधीन है उसपर तेजी से काम करें। सीवरेज नेटवर्क का विस्तार करायें।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने निर्देश दिये कि शवदाह गृह/मोक्ष धाम का निर्माण उसी स्थान पर करायें जहां परम्परागत रूप से शवों का अंतिम संस्कार किया जाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ग्रामीण सोलर स्ट्रीट लाईट योजना के तहत जो भी सोलर लाईट लगाये गये हैं, वे पूरी तरह फंक्शनल रहें, इसे सुनिश्चित करें। इसके लिये एक मॉनीटरिंग सिस्टम विकसित करें, जिससे यह पता चल सके कि सोलर लाईट का संचालन बेहतर ढंग से हो रहा है। प्रत्येक ग्राम पंचायतों में सीसीटीवी का अधिष्ठापन सुनिश्चित करायें।

मुख्यमंत्री श्री चौधरी ने निर्देश दिये कि पटना मेट्रो रेल प्रोजेक्ट के काम में तेजी लाते हुये ससमय पूर्ण करें। मलाही पकड़ी से राजेन्द्र नगर टर्मिनल तक जल्द से जल्द मेट्रो रेल परियोजना को पूर्ण करें। साथ ही पटना रेलवे जंक्शन तक पटना मेट्रो का कार्य शीघ्र पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि आईएसबीटी, राजेन्द्रनगर टर्मिनल तथा पटना जंक्शन से पटना मेट्रो रेल के आपस में जल्द जुड़ जाने से लोगों को आवागमन में काफी सुविधा होगी।

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, विकास आयुक्त मिहिर कुमार सिंह, नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार, सूचना प्रावैधिकी विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, गृह विभाग के विशेष कार्य पदाधिकारी संजय कुमार सिंह, पटना प्रमंडल के आयुक्त अनिमेश परासर, सामान्य प्रशासन विभाग के सचिव मो. सोहैल, नगर विकास एवं आवास विभाग के अपर सचिव आदित्य प्रकाश, गयाजी जिले के जिलाधिकारी शशांक शुभंकर सहित अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित