, Feb. 28 -- उपमुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग)सरकार राज्य में नई औद्योगिक नीति के तहत बड़े निवेश आकर्षित कर रही है। इन परियोजनाओं से प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में एक करोड़ रोजगार और नौकरी के अवसर सृजित करना है। जेके सीमेंट और कोका-कोला जैसी औद्योगिक इकाइयां इस लक्ष्य को हासिल करने में अहम भूमिका निभाएंगी।
श्री चौधरी ने कहा कि उद्योग और सरकार मिलकर बिहार को औद्योगिक रूप से सशक्त बना सकते हैं। बक्सर में स्थापित ये अत्याधुनिक संयंत्र राज्य की बढ़ती अवसंरचना जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास को नई दिशा देंगे।उन्होंने कहा कि परियोजना से हजारों लोगों को सीधे रोजगार के अवसर उपलब्ध होंगे। जबकि परिवहन, लॉजिस्टिक्स और अन्य सहायक क्षेत्रों से भी हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि अब राज्य में पेय पदार्थों की आपूर्ति स्थानीय स्तर पर ही संभव होगी, जिससे परिवहन लागत घटेगी और राज्य के राजस्व में वृद्धि होगी।पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए प्लांट में अपशिष्ट जल शोधन की व्यवस्था की गई है, पीईटी रीसाइक्लिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है और परिसर का लगभग 40 प्रतिशत हिस्सा हरित क्षेत्र के रूप में विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना राज्य में औद्योगिक विकास के साथ-साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित