पटना, मार्च 22 -- केंद्रीय खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे ने रविवार को कहा कि बिहार की मनरेगा से खेल मैदान बनाने की योजना को केंद्र ने भी अपनाया है और शीघ्र ही यह प्रदेश एक स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित हो जाएगा।
पटना के ताज सिटी सेंटर में खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण और स्पोर्ट्स स्टार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित बिहार स्पोर्ट्स कॉनक्लेव 2026 में केंद्रीय खेल राज्य मंत्री श्रीमती खडसे ने कहा कि बिहार हुनरमंदों का राज्य है। यहां के लोगों को खेल की तरफ मोड़ने की आवश्यकता है। बिहार के लोगों में खेलो के प्रति काफी रुझान है। यहां के लोगों खासकर बच्चों को शुरू से ही स्पोर्ट्स साइंस से संबंधित जानकारी देने की जरूरत है।बिहार में खेलों को गांव स्तर तक प्रोत्साहित करने के लिए विशेष पहल किया गया है। इसके तहत ग्रामीण स्तर तक मनरेगा के सहयोग से खेल मैदान बनाने की कार्ययोजना तैयार करके इसे मूर्तरूप दिया जा रहा है। अब इस योजना को केंद्र सरकार ने भी अपना लिया है। मनरेगा से गांव-गांव तक खेल के मैदान या छोटे स्टेडियम बनाए जा रहे हैं।
इससे पहले बिहार की खेल मंत्री श्रेयसी सिंह ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि राज्य में खेल और खिलाड़ियों के सर्वागीण विकास की सरकार की प्रतिबद्धता के सकारात्मक परिणाम स्वरुप बिहार में खेलों के विकास के लिए काफी काम हुआ है। खिलाड़ियों को प्रशिक्षित करने से लेकर इससे जुड़ी आधारभूत संरचनाओं के विकास पर भी काफी काम हुआ है। अब यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम का निर्माण हो चुका है। उन्होंने कहा कि खेलों को विकसित करने के लिए यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिताएं निरंतर आयोजित होनी चाहिए। उन्होंने केंद्र से मांग करते हुए कहा कि अगर भारत को 2036 में ओलंपिक खेलों की मेजबानी मिलती है, तो बिहार में भी इसके एक या दो खेल होने चाहिए।
बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने कहा कि बिहार इतिहास लिखता नहीं, रचता है। बिहार में आज ओलंपिक खेलों के आयोजन की बात हो रही है। जबकि कम लोगों को यह पता होगा कि बिहार में 15 वर्षों तक इंडियन ओलंपिक एसोसिएशन का कार्यालय रहा और इसके अध्यक्ष जमशेदजी टाटा थे। उन्होंने कहा कि इस कॉनक्लेव में खेलों के विकास के लिए जो भी सुझाव आयेंगे, उन्हें केंद्र स्तर पर अप्रैल में आयोजित होने वाले चिंतन शिविर में विचार और कार्यान्वयन के लिए रखा जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित