पटना , अप्रैल 12 -- बिहार विधान सभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने दिग्गज पार्श्वगायिका आशा भोसले के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक प्रकट किया है।
डॉ. प्रेम कुमार ने अपने शोक संदेश में कहा कि आशा जी का निधन भारतीय संगीत एवं समस्त संगीत प्रेमियों के लिए अपूरणीय क्षति है। उनकी मधुर और जीवंत आवाज़ ने कई पीढ़ियों को जोड़ा और भारतीय संगीत को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाया। उनके अमर गीतों में उनकी आवाज़ इस धरती पर सदा-सदा के लिए गूंजती रहेगी।
डॉ. प्रेम कुमार ने कहा कि आशा जी को उनकी बेमिसाल प्रतिभा के लिए दादा साहेब फाल्के पुरस्कार,पद्म विभूषण,राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार,फिल्मफेयर पुरस्कार,लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड, गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड सहित अनेकों राष्ट्रीय अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। उनकी स्वर-साधना, संघर्ष और उनकी अदम्य जिजीविषा आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देती रहेगी। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री-चरणों में स्थान दें एवं शोकाकुल परिजनों और असंख्य प्रशंसकों को असीम धैर्य प्रदान करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित