नयी दिल्ली , अक्टूबर 11 -- बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में सीट बंटवारे को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और सहयोगी दलों में आम सहमति नहीं बन पाई है और बैठकों का दौर जारी है।
भाजपा सूत्रों के अनुसार राजग टिकट बंटवारे को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने मोर्चा संभाल लिया है जो इस संबंध में अंतिम फैसला लेंगे। गौरतलब है कि बिहार में पहले चरण के चुनाव के लिए नामांकन शुरू हो चुका है।
ताजा घटनाक्रम में शनिवार दोपहर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के घर हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख जीतनराम मांझी पहुंचे। वहीं नड्डा के आवास पर भाजपा के कोर समूह की बैठक जारी है। श्री मांझी 'हम' के लिए 15 सीटों की मांग कर रहे हैं जबकि भाजपा उनको 7 सीट देने की बात कह रही है।
ज्ञात रहे कि राजग गठबंधन के अन्य सहयोगी दलों लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास) और राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के साथ भाजपा नेताओं के कई दौर की वार्ता के बाद भी सीटों को लेकर सहमति नहीं बन सकी है।
पार्टी सू्त्रों के अनुसार बिहार में टिकट बंटवारे को लेकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कमान संभाल ली है और एक या दो दिन में सभी दलों के सीटों पर स्थिति साफ हो जाएगी। केंद्रीय मंत्री एवं हम पार्टी के प्रमुख जीतनराम मांझी शनिवार को ही वार्ता के लिए दिल्ली पहुंचे हैं। जबकि रालोसपा के प्रमुख उपेंद्र कुशवाहा को भी दिल्ली बुला लिया गया है। वहीं लोजपा(आर) के अध्यक्ष चिराग पासवान पहले से ही दिल्ली में मौजूद हैं।
इससे पहले बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर राजग सीट बंटवारे पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने कहा कि शनिवार शाम (11 अक्टूबर) तक स्थिति साफ होने के साथ ही अंतिम फैसला ले लिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित