समस्तीपुर , अक्टूबर 29 -- केन्द्रीय गृह मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह बुधवार को कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव मे राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) रिकॉर्ड बहुमत के साथ प्रदेश मे एक बार फिर से सरकार बनायेगी और राष्ट्रीय जनता दल (राजद) और कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो जायेगा।
श्री शाह ने आज समस्तीपुर जिले के रोसड़ा स्टेडियम में राजग प्रत्याशियों के पक्ष मे चुनावी सभा को संबोधित करते हुये कहा कि यह विधानसभा चुनाव किसी को विधायक या मंत्री बनाने का नहीं है, बल्कि राजद के शासनकाल के जंगलराज को समाप्त करने का है। उन्होंने कहा कि लोगों के रूझान से स्पष्ट है कि इस चुनाव मे लालू यादव और राहुल गांधी की पार्टी का सूपड़ा साफ हो जायेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस एवं राजद भ्रष्टाचार का प्रतीक है और इस चुनाव मे इन दलों का सफाया तय है।
केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व मे बिहार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व मे देश का चौतरफा विकास हो रहा है।उन्होंने कहा कि आज राहुल गांधी एवं तेजस्वी यादव, कर्पूरी ठाकुर को मिले जननायक की उपाधि को छीनना चाहते है। उन्होंने कहा कि राजग के रहते कर्पूरी ठाकुर के जननायक की उपाधि को कोई छीन नहीं सकता है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र की राजग सरकार ने ही जननायक कर्पूरी ठाकुर को भारतरत्न से सम्मानित किया।
श्री शहा ने कहा कि लालू यादव ने बिहार का विकास तो नहीं किया, लेकिन परिवार का विकास जरूर किया। जिसका उदाहरण लैंड फोर जाँब एवं चारा घोटाला शामिल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित