भोपाल, 14 नवंबर 2025 (वार्ता)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को भोपाल स्टेट हेंगर में बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की प्रचंड विजय पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए ने जनता के विश्वास को और मजबूत बनाया है। सुशासन, स्वच्छ राजनीति और राष्ट्रवाद की भावना के साथ किए गए कार्यों ने लोकतंत्र को नई ऊंचाई दी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के चुनाव परिणाम जनता की परिपक्वता और लोकतांत्रिक मूल्यों की जीत का प्रतीक हैं। विपक्ष की आलोचनाओं के बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने धैर्य, समर्पण और संवेदनशीलता के साथ देश को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व की आस्था और प्रधानमंत्री की माताजी के प्रति अपमानजनक टिप्पणियों का बिहार की जनता ने मतदान के माध्यम से करारा जवाब दिया है।
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि दो चरणों में शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुए चुनाव बिहार की जनता की जागरूकता और सुशासन की मिसाल हैं। न कहीं पुनर्मतदान की आवश्यकता पड़ी और न ही किसी तरह की हिंसा हुई। उन्होंने कहा कि बिहार ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से विशेष राज्य रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार में सुशासन, सामाजिक न्याय और गरीबों के उत्थान को नई दिशा मिली है।
उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने करीब 15 लाख करोड़ रुपए के निवेश, नए हवाई अड्डों के विकास और मखाना उत्पादन को बढ़ावा देकर बिहार को उन्नति की राह पर आगे बढ़ाया है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई दी और कहा कि टीम वर्क की बदौलत एनडीए ने यह ऐतिहासिक विजय हासिल की है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर भाजपा कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को मिठाई खिलाकर जीत की खुशी साझा की। उन्होंने कहा कि बिहार के परिणामों ने पूरे एनडीए परिवार में नए उत्साह और ऊर्जा का संचार किया है। वर्ष 2014 से प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश लगातार सुशासन और विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।
उन्होंने कहा कि हरियाणा, महाराष्ट्र, दिल्ली के बाद अब बिहार के परिणाम यह साबित करते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी और एनडीए के प्रति जनता का भरोसा मजबूत हुआ है। कांग्रेस की अव्यवस्था और अस्थिर रणनीति से निराश जनता अब विकास की राह पर एनडीए का साथ दे रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित