पटना , नवंबर 08 -- बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में 11 नवंबर को होने वाले मतदान में 20 जिलो में से सात जिलों में वर्ष 2020 के चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंघन (राजग) और दो जिलों में महागठबंधन का सूपड़ा साफ हो गया था।
दूसरे और अंतिम चरण में 11 नवंबर को होने वाले मतदान में 20 जिलों में से सात जिलों शिवहर, किशनगंज, कैमूर, रोहतास,अरवल, जहानाबाद और औरंगाबाद,जिले में राजग और दो जिलों सुपौल और जमुई में महागठबंधन का सूपड़ा साफ हो गया था।
वर्ष 2020 के विधानसभा चुनाव में राजग में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) , जनता दल यूनाईटेड (जदयू), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) शामिल थी। महागबंधन में राष्ट्रीय जनता दल (राजद), कांग्रेस,भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी लेनिनवादी (भाकपा माले) , भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी शामिल थी।
शिवहर जिले की एकमात्र शिवहर विधानसभा सीट पर राजग को मात मिली थी। वहीं किशनगंज जिले की सभी चार सीट बहादुरगंज,ठाकुरगंज,किशनगंज और कोचाधामन में राजग प्रत्याशियों को हार मिली। कैमूर जिले की सभी चार सीट रामगढ़ृ, मोहनियां (सुरक्षित), भभुआ और चैनपुर में राजग उम्मीदवारों को पराजय मिली।
रोहतास जिले की सभी सात सीटें चेनारी (सुरक्षित), सासाराम, करहगर, दिनारा, नोखा,डेहरी और काराकाट में राजग उम्मीदवारों को शिकस्त मिली। वहीं अरवल जिले की सभी दो सीट अरवल और कुर्था में राजग प्रत्याशियों को हार का सामना करना पड़ा। इसी तरह जहानाबाद की सभी तीन सीटों जहानाबाद ,घोसी और मखदुमपुर (सुरक्षित) में भी राजग प्रत्याशियों को हार मिली। वहीं औरंगाबाद की सभी छह सीट गोह,ओबरा,नवीनगर,कुटुंबा (सुरक्षित), औरंगाबाद और रफीगंज में राजग उम्मीदवारों को शिकस्त मिली। कुल मिलाकर इन सात जिलों की 27 सीटों पर राजग को पराजय का सामना करना पड़ा।इन सीटों में से जदयू को 14 सीटों शिवहर, ठाकुरगंज,कोचाधामन, चेनारी (सुरक्षित), सासाराम, करहगर, दिनारा, नोखा,कुर्था, जहानाबाद,घोसी,ओबरा, नवीनगर और रफीगंज पर हार मिली। वहीं भाजपा को 10 सीटों किशनगंज, रामगढ़, मोहनियां (सुरक्षित),भभुआ ,चैनपुर,डेहरी,काराकाट, अरवल, गोह और औरंगाबाद में हार का सामना करना पड़ा। इसी तरह वीआईपी को बहादुरगंज जबकि हम को मखदुमपुर और कुटुबा (सुरक्षित) में पराजय मिली।
इसी तरह सुपौल जिले की सभी पांच सीट निर्मली,पिपरा, सुपौल,त्रिवेणीगंज (सुरक्षित) और छातापुर में महागठबंधन प्रत्याशियों का खाता नहीं खुला था। वहीं जमुई जिले की सभी चार सीटें सिकंदरा (सुरक्षित), जमुई, झाझा और चकाई सीट पर महागठबंधन प्रत्याशियों को हार मिली थी। इस तरह दो जिलों की नौ सीटों पर महागठबंधन को शिकस्त का सामना करना पड़ा इन सीटों में राजद को सात सीटों निर्मली, पिपरा, त्रिवेणीगंज ,छातापुर,जमुई, झाझा और चकाई में जबकि कांग्रेस को सुपौल और सिकंदरा (सुरक्षित) में हार का सामना करना पड़ा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित