पटना , अक्टूबर 26 -- बिहार विधानसभा चुनाव में 06 नवंबर को पहले चरण में 18 जिलों की 121 सीटों पर होने वाले चुनाव में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार में उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा समेत 17 मंत्रियों की प्रतिष्ठा दाव पर लगी हुयी है।

बिहार विधानसभा चुनाव में, नीतीश कुमार सरकार के 17 मंत्री पहले चरण में चुनाव लड़ रहे हैं। इनमें से 11 भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) से और छह जनता दल यूनाइटेड (जदयू) कोटे से हैं।

भारतीय जनता पार्टी के कोटे से बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुंगेर जिले की तारापुर विधानसभा क्षेत्र से लड़ रहे हैं। वहीं दूसरे उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा लखीसराय से चुनाव लड़ रहे हैं। श्री सिन्हा इस सीट पर 2005 फरवरी, 2010, 2015 और 2020 में जीत दर्ज कर चुके हैं।स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडे पहली बार सीवान से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन पटना जिले के बांकीपुर से उम्मीदवार हैं। श्री नवीन इस सीट पर लगातार तीन बार 2010,2015 और 2020 में जीत दर्ज कर चुके हैं। राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी दरभंगा से चुनाव लड़ रहे हैं। वह लगतार पांच बार यहां जीत दर्ज कर चुके हैं।

पंचायती राज मंत्री केदार प्रसाद गुप्ता मुजफ्फरपुर जिले के कुढ़नी से चुनाव लड़ रहे हैं। पर्यटन मंत्री राजू कुमार सिंह मुजफ्फरपुर जिल के साहेबगंज से मैदान में हैं। वह सीट पर चार बार जीत का परचम लहरा चुके हैं।खेल मंत्री सुरेंद्र मेहता बेगूसराय जिले के बछवाड़ा से , नगर विकास एवं आवास मंत्री दरभंगा जिले की जाले विधानसभा सीट से अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। वह दो बार लगातार यहां जीत दर्ज कर चुके हैं और इस बार यहां चुनावी हैट्रिक लगाने की कोशिश में हैं। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री सुनील कुमार नालंदा जिले के बिहारशरीफ से उम्मीदवार हैं।डॉ. सुनील कुमार यहां पांच बार जीत दर्ज कर चुके हैं और इस बार चुनावी मैदान में सिक्सर लगाने के लिये बेताब है। जबकि सूचना एवं प्रौद्योगिकी मंत्री कृष्ण कुमार मंटू सारण जिले के अमनौर से चुनाव लड़ रहे हैं।

जनता दल (यूनाइटेड) के कोटे से ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार नालंदा जिले के नालंदा विधानसभा सीट से चुनावी समर में उतरे है। लगातार सात बार यहां जीत चुके श्री श्रवण आठवीं बार जीत की तलाश में हैं।पार्टी के वरिष्ठ नेता और जल संसाधन और संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी समस्तीपुर जिले के सरायरंजन से लगातार तीन बार जीत दर्ज कर चुके हैं और इस चुनावी मैदान में चौका जड़ने के लिये बेताब हैं। सूचना एवं जनसंपर्क मंत्री महेश्वर हजारी कल्याणपुर सुरक्षित सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं शिक्षा मंत्री सुनील कुमार गोपालगंज जिले के भोरे (सुरक्षित) से और मद्य निषेध उत्पाद एवं निबंधन मंत्री रत्नेश सदा सहरसा जिले के सोनबर्षा से चुनाव लड़ रहे हैं। वह इस सीट पर लगातार तीन बार जीत दर्ज कर चुके हैं और इस बार जीत का चौका लगाने की पुरजोर कोशिश करेंगे। वहीं समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी दरभंगा जिले के बहादुरपुर से ताल ठोक रहे हैं। श्री सहनी यहां वर्ष 2010 और 2020 में चुनाव जीता है,जबकि 2015 में वह गौराबौराम से निर्वाचित हुये थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित