पटना , फरवरी 05 -- बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ.प्रेम कुमार ने गुरुवार को सदन की कार्यवाही के दौरान राज्य सरकार से किसानों के लिए पुनपुन और फुलवारीशरीफ में बाजार स्थापित करने को कहा है।

बिहार विधानसभा अध्यक्ष ने राज्य विधानसभा में श्याम रजक के तारांकित प्रश्न पर कृषि मंत्री रामकृपाल यादव के उत्तर के दौरान हस्तक्षेप करते हुए कहा कि विकसित भारत-गारंटी फाँर रोजगार एवं आजीविका मिशन ग्रामीण (वीबी जी रामजी) योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में बाजार स्थापित किया जाना हैं। उन्होंने मंत्री से इस योजना के अंतर्गत पुनपुन और फुलवारीशरीफ में बाजार खोलने के निर्देश दिए। श्री कुमार के हस्तक्षेप के बाद मंत्री ने इस पर विचार करने का आश्वासन दिया।

कृषि मंत्री ने पहले इस प्रश्न का उत्तर देते हुए कहा था कि पुनपुन प्रखंड को ग्रामीण हाट के रूप में विकसित किया जा रहा है, इसलिए उक्त क्षेत्र में नया बाजार स्थापित करना संभव नहीं है।

श्री यादव ने किसानों को उनकी उपज उचित मूल्य पर बेचने के लिए बाजार उपलब्ध कराने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि राज्य में 54 कृषि बाजार कार्यरत हैं, जहां किसानों के लिए विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि पहले चरण में 21 बाजार विकसित किए जा रहे हैं, जबकि दूसरे चरण में 10 बाजार और विकसित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, ग्रामग योजना के तहत ग्रामीण बाजार और हाटों की भी व्यवस्था की जा रही है।

श्याम रजक ने आज विधानसभा की कार्यवाही के दौरान पूरक प्रश्न के माध्यम से बिचौलियों से किसानों को बचाने के लिए फुलवारीशरीफ और पुनपुन में कृषि बाजार स्थापित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि पटना जिले के फुलवारी विधानसभा क्षेत्र में फसलों की खरीद-बिक्री के लिए एक भी बाजार नहीं होने के कारण फुलवारीशरीफ और पुनपुन प्रखंडों के किसानों को अपनी उपज कम कीमत पर बिचौलियों को बेचने के लिए मजबूर होना पड़ता है। उन्होंने कहा कि पटना की बढ़ती आबादी के अनुपात में पिछले कई वर्षों से कोई नया बाजार नहीं बनाया गया है, जबकि फुलवारीशरीफ प्रखंड के हिंदुनी में बाजार निर्माण के लिए तीन एकड़ सरकारी भूमि उपलब्ध है, जहां परिवहन की भी अच्छी सुविधा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि फुलवारीशरीफ में समय-सीमा के भीतर बाजार का निर्माण किया जाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित