, Feb. 6 -- बागवानी महोत्सव की अध्यक्षता कर रहे कृषि विभाग के प्रधान सचिव नर्मदेश्वर लाल ने कहा कि कृषि बिहार की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, जिसमें बागवानी विशेषकर फल, सब्जी, मसाला, मखाना एवं मधुमक्खी पालन की भूमिका लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि केन्द्र एवं राज्य सरकार द्वारा उच्च मूल्य वाली फसलों एवं संरक्षित खेती को बढ़ावा दिया जा रहा है। महोत्सव में किसानों को विभिन्न योजनाओं और आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी जा रही है एवं किसानों द्वारा लाए गए उत्कृष्ट उत्पादों को पुरस्कृत भी किया जाएगा।उन्होंने किसान बंधुओं से आग्रह किया कि वे फसल विविधिकरण को अपनाते हुए धान, गेहूँ की पारंपरिक खेती के स्थान पर बागवानी फसलों, दलहन एवं तिलहन की ओर अग्रसर हों।
श्री लाल ने कहा कि विशेष रूप से दक्षिण बिहार के क्षेत्रों में शुष्क बागवानी के अंतर्गत आंवला, एप्पल बेर, नींबू, अमरूद तथा औषधीय एवं सुगंधीय फसलों की अपार संभावनाएँ हैं, जिन्हें प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सूक्ष्म सिंचाई योजनाओं के माध्यम से सिंचाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है, जिससे शुष्क क्षेत्रों में भी बागवानी फसलों की सफल खेती संभव हो सके। फल एवं सब्जियों की संरक्षित खेती के साथ-साथ उच्च बाजार मूल्य वाली फसलों को अपनाकर किसान अपनी आय में उल्लेखनीय वृद्धि कर सकते हैं।
उद्यान निदेशक अभिषेक कुमार ने बागवानी महोत्सव में किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की नीतियों का उद्देश्य खेत से बाजार तक मूल्य संवर्धन के माध्यम से अधिक आय और रोजगार सुनिश्चित करना है। उन्होंने बागवानी फसलों के उत्पादन के साथ प्रोसेसिंग एवं निर्यात पर विशेष जोर दिया। ड्रैगन फ्रूट एवं स्ट्रॉबेरी जैसे एग्जॉटिक फलों तथा ड्रिप, स्प्रिंकलर एवं माइक्रो-स्प्रिंकलर जैसी आधुनिक सिंचाई तकनीकों को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मखाना के लिए गठित मखाना बोर्ड निर्यात को नई दिशा देगा और असली परिवर्तन किसानों के खेतों में दिखेगा।
इस अवसर पर पद्मश्री श्रीमती राजकुमारी देवी (किसान चाची), डॉ. बीरेन्द्र प्रसाद यादव, विशेष सचिव, कृषि विभाग, सौरभ सुमन यादव, कृषि निदेशक, बिहार, धनंजयपति त्रिपाठी, अपर निदेशक, कृषि विभाग, संतोष कुमार उत्तम, निदेशक, पी.पीएम, कृषि विभाग सहित अन्य वरीय पदाधिकारी एवं किसानगण भी उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित