, April 2 -- कृषि मंत्री ने कहा कि हल्दी औषधीय एवं मसाला फसल के रूप में, अदरक निरंतर बाजार मांग के कारण तथा ओल कम लागत में बेहतर प्रतिफल देने वाली फसल के रूप में किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी विकल्प हैं। उन्होंने कहा कि इन फसलों को अपनाने से खेती में विविधता आएगी, जिससे जलवायु परिवर्तन के जोखिम को कम करते हुए किसानों की आय अधिक स्थिर और सुरक्षित बनेगी।
श्री यादव ने कहा कि बिहार सरकार की प्राथमिकता है कि किसान केवल उत्पादनकर्ता न रहें, बल्कि मूल्य संवर्धन और बाजार से जुड़कर समृद्ध कृषि उद्यमी बनें। उन्होंने कहा कि हल्दी,अदरक और ओल जैसी फसलें कम क्षेत्र में अधिक आमदनी, कम जोखिम और बेहतर रोजगार के अवसर प्रदान करती हैं। इस पहल से महिलाओं को घर-आधारित आय, युवाओं को कृषि-उद्यमिता और छोटे किसानों को जलवायु-अनुकूल एवं लाभकारी खेती का भरोसेमंद विकल्प मिलेगा।
कृषि मंत्री श्री यादव ने किसान भाई-बहनों से अपील करते हुए कहा कि वे इन फसलों को अपनाकर सरकार की योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएं और समृद्ध बिहार के निर्माण में भागीदार बनें। उन्होंने कहा कि यह पहल खेती से लेकर प्रसंस्करण, पैकिंग, भंडारण और विपणन तक स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजित करते हुए किसान परिवारों के घर-घर समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित