पटना , मई 3 -- भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के पूर्व अधिकारी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक आनंद मिश्रा ने रविवार को कहा कि प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ हो रही कार्रवाई इस बात का सबूत है कि बिहार में कानून का राज मजबूती से चल रहा है।
श्री मिश्रा ने कहा कि आज सिवान में सोनू यादव के खात्मे के अलावा पिछले दिनों में कई बड़े आपराधिक चेहरे जैसे छोटू यादव, भागलपुर का राजधानी यादव, मोतिहारी का कुंदन ठाकुर, प्रियांशु दुबे और बेगूसराय तथा खगड़िया के कई अपराधी कानून के शिकंजे में आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन पर हत्या तथा संगठित अपराध के कई आरोप हैं।
भाजपा विधायक ने कहा कि ऐसे अपराधियों के खिलाफ जब भी पुलिस खड़ी होती है, उस पर हमला किया जाता है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में पुलिस के पास कानून के दायरे में रहते हुए कार्रवाई करने का एकमात्र यही बचता है कि आत्मरक्षा के लिए उस पर आक्रमण किया जाये। उन्होंने कहा कि सरकार की तरफ से अब साफ संदेश है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और जो अपराध करेगा, उसे परिणाम भुगतना होगा।
पूर्व भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी ने कहा कि यह लड़ाई किसी जाति, क्षेत्र या धर्म के खिलाफ नहीं है। अपराधी की एक ही पहचान होती है कि वह अपराधी है और इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई अनिवार्य है।
भाजपा विधायक ने कहा कि बिहार ज्ञान, अनुशासन और गौरव की भूमि रही है। उन्होंने कहा कि वह बिहार पुलिस के साहस, दृढ़ता की सराहना करते हैं। साथ हीं सम्राट चौधरी के नेतृत्व में राज्य सरकार की मजबूत राजनीतिक शक्ति को भी नमन करते हैं। बिहार आगे बढ़ रहा है और इस प्रगति को कोई अपराधी रोक नहीं सकता।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित