पटना , दिसम्बर 06 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय कुमार झा ने शनिवार को कहा कि बिहार में संपन्न हए विधानसभा चुनाव में नीतीश सरकार को 20 वर्षों के कार्यकाल के बाद मिला जनादेश ऐतिहासिक और असाधारण उपलब्धि है।
श्री झा ने जदयू के प्रदेश कार्यालय में आयोजित पार्टी कार्यकर्ताओं के सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन ने जिस बारीकी और प्रतिबद्धता के साथ बूथ स्तर पर कार्य किया, उसी के परिणामस्वरूप जदयू ने 2010 के स्ट्राइक रेट को भी पीछे छोड़ते हुए पार्टी ने जीत का नया इतिहास रच दिया। उन्होंने कहा कि प्रतिकूल मौसम में हेलिकॉप्टर नहीं उड़ पाने की स्थिति में भी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिना किसी हिचक के रोड शो किया और 11 स्थानों पर रुककर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) प्रत्याशियों के समर्थन में जनता से आशीर्वाद माँगा, यह उनकी अद्भुत कार्य-ऊर्जा और मजबूत जज्बे का प्रमाण है।
राज्यसभा सांसद श्री झा तथा प्रदेश अध्यक्ष उमेश सिंह कुशवाहा ने आज प्रदेश के विभिन्न इलाकों से आए पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अंगवस्त्र प्रदान कर सम्मानित किया और सभी का हृदय से अभिनंदन करते हुए उनके अथक परिश्रम, मेहनत और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि लगातार 20 वर्षों तक मुख्यमंत्री श्री कुमार के प्रति जनता का यह अपार समर्थन अपने आप में एक असाधारण उपलब्धि है। इसी कारण अंतरराष्ट्रीय संस्था 'वर्ल्ड बुक ऑफ़ रिकार्ड्स' ने भी इस जनादेश को विशेष रूप से सराहा है और यह 13 करोड़ बिहारवासियों के लिए गौरव का विषय है।
श्री झा ने कहा कि इस समय प्रदेश के 38 में से 37 जिलों में जदयू के विधायक हैं, जो जनसमर्थन की गहराई को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री कुमार ने बिहार में विकास की मजबूत आधारशिला स्थापित कर दी है, और आगामी पाँच वर्षों में प्रदेश निश्चित रूप से देश के शीर्ष दस राज्यों की श्रेणी में शामिल होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित