पटना , नवंबर 17 -- बिहार में इस बार के चुनाव में सात सीटों पर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) और महागठबंधन की महिला उम्मीदवारों के बीच मुकाबला देखने को मिला, जिसमें से छह सीटों पर राजग और एक सीट पर महागठबंधन की महिला उम्मीदवारों ने जीत का परचम लहराया।
बिहार की 243 विधानसभा सीटों पर हुये चुनाव में कई सीटों पर देश-दुनिया ,मीडिया और आम जनता की नजरें टिकी हुयी थी। वहीं इन 243 सीटों में से सात सीटों परिहार,प्राणपुर, कोढ़ा (सुरक्षित),वारसिलीगंज,गोविंदपुर, इमामगंज (सुरक्षित) और बारचट्टी (सुरक्षित) सीटों पर राजग और महागठबंधन की महिला उम्मीदवरों के आमने-सामने चुनावी समर में उतर जाने से आम जनता की निगाहें इन सीटों के परिणाम पर लगी रही कि कौन महिला प्रत्याशी दूसरी महिला प्रत्याशी को चुनावी अखाड़े में पटखनी देगी।
परिहार विधानसभा सीट से राजग के घटक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रत्याशी और निवर्तमान विधायक गायत्री देवी और महागठबंधन के घटक राष्ट्रीय जनता दल (राजद) उम्मीदवार और पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र पूर्वे की बहू स्मिता गुप्ता के बीच मुकाबला हुआ। राजद से बागी रितु जायसवाल ने इस सीट पर निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनावी समर में ताल ठोका, जिससे यहां का मुकाबला रोचक हो गया। इस चुनाव में भाजपा की उम्मीदवार गायत्री देवी ने निर्दलीय उम्मीदवार रितु जायसवाल को 17189 मतो के अंतर से मात दी। इस चुनाव में स्मिता गुप्ता तीसरे नंबर पर रही। रितु जायसवाल, राजद में महिला प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष के पद पर थीं लेकिन पार्टी का टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ने का फैसला किया था।
प्राणपुर विधानसभा सीट पर भाजपा प्रत्याशी और निवर्तमान विधायक निशा सिंह ने राजद उम्मीदवार इशरत प्रवीण को 7752 मतो के अंतर से पराजित किया। कोढ़ा (सुरक्षित) सीट से भाजपा उम्मीदवार और निवर्तमान विधायक कविता देवी ने कांग्रेस की उम्मीदवार पूनम कुमारी 22257 मतो के अंतर से शिकस्त दी।
गोविंदपुर विधानसभा सीट से राजग के घटक लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की उम्मीदवार श्रीमती विनिता मेहता ने राजद की उम्मीदवार और पूर्व विधायक पूर्णिमा यादव को 22906 मतो के अंतर से शिकस्त दी। वर्ष 2020 के चुनाव में इस सीट से राजद उम्मीदवार मोहम्मद कामरान ने जीत दर्ज की थी। उन्होने जदयू उम्मीदवार पूर्णिमा यादव को पराजित किया था। राजद ने इस बार मोहम्मद कामरान को बेटिकट कर दिया था। राजद से बागी मोहम्मद कामरान निर्दलीय चुनावी समर में उतर आये लेकिन उन्हें तीसरे नंबर पर ही संतोष करना पड़ा।
इमामगंज (सुरक्षित) सीट से राजग के घटक हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) की उम्मीदवार और केन्द्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की बहू और निवर्तमान विधायक दीपा कुमारी ने राजद प्रत्याशी रितु प्रिया चौधरी को 25856 मतों के अंतर से पराजित किया। वहीं बाराचट्टी (सुरक्षित) सीट से हम की उम्मीदवार और केन्द्रीय मंत्री जीतन राम मांझी की समधन निवर्तमान विधायक ज्योति देवी ने राजद प्रत्याशी तनुश्री कुमारी को 8893 मतों के अंतर से मात दी।
वारसिलीगंज विधानसभा सीट पर राजद की उम्मीदवार अनीता ने भाजपा की उम्मीदवार और निवर्तमान विधायक अरूणा देवी को 7543 मतो के अंतर से शिकस्त दी।
उल्लेखनीय है कि इस बार के चुनाव में राजग ने 35 और महागठबंधन ने 31 महिला प्रत्याशियों को उम्मीदवार बनाया था। राजग में शामिल भाजपा और जदयू ने 13-13,लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) ने पांच, हम ने दो और राष्ट्रीय लोक मोर्चा (रालोमो) ने एक महिला को टिकट दिया था, वहीं महागठबंधन में शामिल राजद ने 23,कांग्रेस ने पांच , भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी लेनिनवादी (भाकपा माले) ने 01, विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) और इंडियन इंक्लूसिव पार्टी (आईआईपी) ने 01-01 महिलआों को उम्मीदवार बनाया।भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने किसी महिला उम्मीदवार पर भरोसा नहीं जताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित