पटना , मार्च 15 -- बिहार के जल संसाधन एवं संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने रविवार को दावा किया कि आगामी राज्यसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) प्रदेश में सभी पांच सीटों पर जीत हासिल करेगा।

श्री चौधरी ने आज कहा कि पार्टी और गठबंधन के सहयोगी दलों के नेताओं के बीच लगातार बैठकें हो रही हैं और सभी चुनाव परिणाम को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त हैं। उन्होंने कहा कि शुरुआत से ही राजग के सभी घटक दलों के नेता यह कहते रहे हैं कि गठबंधन सभी पांच सीटों पर जीत दर्ज करेगा।

मंत्री ने कहा कि चुनाव से पहले विधायकों की एक दुसरे से हुई मुलाकात का वोटों की गणित और नतीजों पर कोई असर नही होगा।

श्री चौधरी ने यह भी दावा किया कि विपक्षी नेताओं को भी समझ में आ गया है कि इस चुनाव में उनकी संभावना बहुत कम है और कोई समीकरण उनके काम नहीं आने वाला है।

मंत्री ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि विरोधी दलों में घबराहट का स्तर आसानी से समझा जा सकता है। उन्होंने कहा कि राजग के विधायक शहर में स्वतंत्र रूप से घूम रहे हैं, जबकि विपक्ष के विधायकों को सीमित रखा गया है, जिससे स्पष्ट है कि दबाव किस पक्ष पर है।

श्री चौधरी ने व्हिप जारी करने के सवाल पर कहा कि सभी राजनीतिक दलों ने राज्यसभा चुनाव को लेकर अपने-अपने विधायकों को पहले ही निर्देश दे दिए हैं। इन निर्देशों के तहत विधायकों को मतदान करना होगा। उन्होंने कहा कि इस तरह के निर्देश जारी करना हर चुनाव में अपनाई जाने वाली सामान्य और नियमित प्रक्रिया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित