रायपुर , नवंबर 12 -- बिहार चुनाव के एग्जिट पोल में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को बढ़त मिलने के बाद छत्तीसगढ़ के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं में उत्साह का माहौल है। उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि एग्जिट पोल के रुझानों से साफ है कि बिहार की जनता ने सुशासन और विकास के पक्ष में मतदान किया है।
श्री साव ने दावा किया कि राज्य में भारी बहुमत से राजग की सरकार बनने जा रही है।
मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया को लेकर विपक्ष बेबुनियाद आरोप लगा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अधिकारी और कर्मचारी घर-घर जाकर फॉर्म भरवा रहे हैं, पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ यह कार्य किया जा रहा है।
महतारी वंदन योजना की 22वीं किस्त से पहले ई-केवाईसी की अनिवार्यता को लेकर कांग्रेस की आलोचनाओं पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा, "जो जनता को ठगते रहे, उन्हें हर अच्छी पहल में भी साजिश नजर आती है।" उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने तो 500 रुपए मासिक देने का वादा किया था लेकिन पांच साल तक एक भी किश्त नहीं दे पाई। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में सरकार अब तक 21 किस्तें महिलाओं तक पहुंचा चुकी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित