पटना , अक्टूबर 03 -- बिहार में मानसून की विदाई प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, लेकिन बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र और ट्रफ रेखा के प्रभाव से राज्य के विभिन्न हिस्सों में लगातार बारिश और वज्रपात का खतरा बना हुआ है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने राज्य के सभी जिलों के लिये शुक्रवार को भी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है।
पटना, बक्सर, भोजपुर, सारण, सीतामढ़ी, शिवहर, बांका, जमुई, जहानाबाद, शेखपुरा, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल सहित कई जिलों में एक या दो स्थानों पर बारिश के लिये यलो अलर्ट जारी किया गया है।
पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, रोहतास, औरंगाबाद और नवादा जिलों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट लागू किया गया है। इन जिलों में तेज हवा और बिजली गिरने की भी आशंका है।
गया, कैमूर और पश्चिम चंपारण जिलों के लिये अत्यंत भारी वर्षा का रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में जलभराव और नदियों के जलस्तर में वृद्धि की आशंका है।
तीन अक्टूबर को गया, कैमूर और पश्चिम चंपारण में अत्यंत भारी वर्षा के आसार हैं, वहीं पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, रोहतास, औरंगाबाद, नवादा में भारी बारिश की संभावना के साथ ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
चार अक्टूबर को गोपालगंज, सीतामढ़ी, शिवहर, पश्चिम व पूर्वी चंपारण में रेड अलर्ट जारी किया गया है। सीवान, मुजफ्फरपुर, मधुबनी, सुपौल, अररिया और किशनगंज में ऑरेंज अलर्ट रहेगा।
पांच अक्टूबर को पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीतामढ़ी, शिवहर, सुपौल, मधुबनी, अररिया, किशनगंज, भागलपुर, बांका और जमुई में भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी है। इन जिलों में ऑरेंज अलर्ट लागू रहेगा।
छह अक्टूबर को पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर में यलो अलर्ट के तहत एक- दो स्थानों पर भारी वर्षा का पूर्वानुमान है। वहीं राज्य के उत्तर, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-मध्य क्षेत्रों में तेज हवाएं और वज्रपात की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में अधिकतम तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। लगातार बारिश के कारण मौसम ठंडा और नम बना हुआ है।
पिछले 24 घंटों में बक्सर, समस्तीपुर, पूर्णिया और पटना सहित कई जिलों में भारी वर्षा दर्ज की गई है। शुक्रवार सुबह से ही कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जबकि कुछ क्षेत्रों में धूप- छांव का मौसम बना हुआ है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित