चंडीगढ़ , नवंबर 14 -- बिहार विधानसभा चुनावों में भारतीय जनता पार्टी और उसके गठजोड़ को मिले स्पष्ट बहुमत पर चंडीगढ़ स्थित प्रदेश पार्टी कार्यालय में पंजाब भाजपा के नेताओं ने भंगड़ा डालकर और लड्डू बांटकर खुशी मनायी। पार्टी ने कहा कि बिहार के लोगों ने विकास, पारदर्शी कामकाज और स्थिर सरकार के पक्ष में वोट डालकर यह साफ कर दिया है कि वे नकारात्मक राजनीति को पसंद नहीं करते।

पंजाब भाजपा के कार्यकारी प्रधान अश्विनी शर्मा ने बिहार के नतीजों का स्वागत करते हुए कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मेहनत, विज़न और जनता के भरोसे की मुहर है। उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने एक बार फिर विकास के रास्ते को चुना है और ये नतीजे पूरे देश में भाजपा के लिए उत्साह बढ़ाने वाले हैं। उन्होंने कहा कि बिहार की जीत केवल एक राज्य की राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि यह सभी के लिए संदेश है कि जनता अब सिर्फ काम और नतीजों पर विश्वास करती है। उन्होंने दावा किया कि जैसे बिहार ने भाजपा को मंदिर-मस्जिद, जात-पात और झूठे वादों की राजनीति को खारिज कर वोट दिया है, वैसा ही बदलाव जल्द ही पंजाब में भी दिखाई देगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित