भागलपुर , मार्च 21 -- ाष्ट्रीय जनता दल (राजद)के प्रदेश प्रवक्ता अरुण कुमार यादव ने शनिवार को कहा कि भागलपुर जिला सहित समूचे प्रदेश में बेमौसम आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से गेहूं, मक्का, केला, लीची और आम की फसल को काफी नुकसान पहुंचा है।
श्री यादव ने आज बयान जारी कर कहा कि पहले से ही किसान चौतरफा मुसीबत झेल रहे हैं और कर्ज तले दबे हुए हैं। ऊपर से इस प्राकृतिक आपदा आंधी-तूफान और बारिश ने फसलों को बर्बाद कर दिया। उन्होंने कहा कि इस विपत्ति ने अन्नदाता किसानों के सपनों को ध्वस्त कर दिया हैं, जो चिंता का विषय है।
राजद प्रवक्ता ने बिहार सरकार से इस प्राकृतिक आपदा को गंभीरता से लेते हुए आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से प्रभावित किसानों और गरीबों को विशेष सहायता राशि प्रदान कर राहत पहुंचाने की मांग की।
श्री यादव ने कहा कि आंधी-बारिश और ओलावृष्टि से हुए फसल नुकसान का आकलन करने के लिए बिहार सरकार अविलंब वरीय अधिकारी के नेतृत्व में प्रखंड स्तर पर टीम गठित करे। गठित टीम को जमीनी स्तर पर भेजकर सीधा किसानों से सम्पर्क कर फसल नुकसान के आकलन के बाद किसानों को उचित मुआवजा राशि अविलंब मुहैया कराई जाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित