दरभंगा , फरवरी 11 -- जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने बुधवार को कहा कि बिहार में बेटियां सुरक्षित नहीं है और प्रदेश में अधिकारियों का जंगलराज चल रहा है।

श्री किशोर आज दरभंगा में 06 वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की हृदयविदारक घटना के मामले में पीड़ित परिवार से मिले और उन्हें सांत्वना दी।

जनसुराज के सूत्रधार श्री किशोर ने पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद बिहार की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य में बेटियां सुरक्षित नहीं हैं और अधिकारियों का जंगलराज चल रहा है। उन्होने कहा कि पीड़ित परिवार के लिए आवाज उठाने और प्रदर्शन करने वाले लोगों पर पुलिस कार्रवाई गलत है। उन्होंने कहा कि उनके साथ मानवीय आधार पर पुलिस को निर्णय लेना चाहिए।

श्री किशोर ने कहा कि पुलिस-प्रशासन की कोई जवाबदेही नहीं है, यहां अधिकारियों का जंगलराज है और पीड़ित परिवार के साथ खड़े होने वाले समाज के लोगों पर कार्रवाई हो रही है। उन्होंने कहा कि बेटियों के न्याय के लिए आवाज उठाने वालों पर ही पुलिस कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि दरभंगा में घटना के बाद जब लोगों ने शांतिपूर्ण विरोध-प्रदर्शन किया तो पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया, जिससे पूरे मोहल्ले में भय का माहौल है और लगातार छापेमारी से लोग डरे हुए हैं।

जनसुराज के सूत्रधार ने कहा कि एक ओर इतनी मर्माहत करने वाली घटना हुई है, वहीं दूसरी ओर पुलिसिया कार्रवाई से आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रशासन को चाहिए कि दुष्कर्म के वास्तविक दोषियों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें सजा दिलाये।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित