पटना , दिसम्बर 25 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश प्रवक्ता अरविंद निषाद ने गुरूवार को कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की कुशल नेतृत्व क्षमता और विकासोन्मुख नीतियों और व्यापक स्तर पर निर्माण कार्यों के कारण बिहार में बुनियादी संरचना की तस्वीर बदल रही है।
श्री निषाद ने आज बयान जारी कर कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सरकार ने न केवल नए संग्रहालयों का निर्माण कराया है, बल्कि प्राचीन एवं नवनिर्मित संग्रहालयों को आपस में जोड़कर एक समग्र संस्कृति और विरासत संरक्षण नेटवर्क का सृजन भी किया है। तारामंडल को अत्याधुनिक तकनीक और सुविधाओं से युक्त कर आधुनिक विज्ञान एवं शिक्षा की दिशा में एक नई पहचान दी गई है, जिससे विद्यार्थी एवं नागरिक दोनों को लाभ प्राप्त हो रहे हैं।
जदयू प्रवक्ता ने कहा कि ऐसा करने से शिक्षा की गुणवत्ता तथा छात्रों के अध्ययन-पर्यावरण में सुधार हुआ है। साथ ही, सरकार के माध्यम से राज्य के विभिन्न हिस्सों में नई विद्यालयीय संरचनाओं का निर्माण भी कराया जा रहा है, जो शिक्षा के प्रति राज्य सरकार के अटूट संकल्प को दर्शाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित