लखनऊ , नवम्बर 7 -- समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को बिहार में इंडिया गठबंधन के पक्ष में दो बड़ी जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने औरंगाबाद जिले के रफीगंज में गठबंधन प्रत्याशी गुलाम शाहिद तथा रोहतास जिले के नोखा विधानसभा क्षेत्र में प्रत्याशी अनीता देवी के समर्थन में जनसभाएँ कीं।

जनसभा के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि बिहार में इस बार परिवर्तन की बयार चल चुकी है। यह बदलाव का चुनाव है। उन्होंने दावा किया कि पहले चरण के मतदान के बाद ही जनता ने सरकार बदलने का फैसला कर लिया है। "बिहार के नौजवानों, किसानों और महिलाओं ने नया बिहार बनाने तथा तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने का मन बना लिया है,"।

उन्होंने कहा कि अगर बिहार में सरकार बदलेगी तो बिहार बदलेगा। नौजवानों को रोजगार मिलेगा, वे अपने परिवार के साथ यहीं रहेंगे और उन्हें पलायन नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा के एजेंडे में न नौकरी है, न विकास भाजपा सिर्फ नफरत फैलाने, झूठ बोलने और झूठे वादे करने में व्यस्त है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा ने युवाओं को हर साल दो करोड़ नौकरियाँ देने और किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन एक भी वादा पूरा नहीं किया। "भाजपा पिछले 11 साल से दिल्ली की सत्ता में है, लेकिन महंगाई, बेरोजगारी और किसानों के संकट पर चुप है"।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि जब तेजस्वी यादव ने युवाओं को नौकरियाँ देना शुरू किया, तो भाजपा घबरा गई और षड्यंत्र रचकर सरकार गिरा दी। उन्होंने कहा कि भाजपा बिहार के युवाओं और किसानों की दुश्मन है। "बिहार की जनता बहुत जागरूक है, उसने कभी भाजपा को अकेले सत्ता में नहीं आने दिया "।

उन्होंने कहा कि पहले चरण के बाद एनडीए में अंदरूनी कलह शुरू हो गई है। "अबकी बार बिहार में तेजस्वी सरकार आ रही है और भाजपा की विदाई तय है। इस बार बिहार के नौजवान भाजपा की हार लिखेंगे"।

अखिलेश यादव ने चेतावनी दी कि बिहार में भाजपा की 'टीमें' बी टीम, सी टीम और पी टीम सक्रिय हैं, जनता को उनसे सतर्क रहना होगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की समाजवादी सरकार ने जिस तरह एक्सप्रेस-वे और विकास परियोजनाएँ बनाईं, वैसा ही बिहार में भी होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित