औरंगाबाद/ सासाराम , नवंबर 07 -- समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को कहा कि बिहार में विधानसभा के लिये पहले चरण में आधी सीटों पर ही चुनाव हुआ है, लेकिन इसी में लोगों का सरकार बदलने का स्पष्ट दिख रहा है।

श्री यादव ने औरंगाबाद जिले के रफीगंज में महागठबंधन के प्रत्याशी गुलाम शाहिद और रोहतास जिले के नोखा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी श्रीमती अनीता देवी के पक्ष में आयोजित चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित करते हुये कहा कि बिहार में परिवर्तन की लहर है। उन्होंने कहा कि यह बदलाव का चुनाव है। बिहार में विधानसभा के लिये पहले चरण में आधी सीटों पर ही चुनाव हुआ है, लेकिन इसी में लोगों का सरकार बदलने का स्पष्ट दिख रहा है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि बिहार के नौजवानों, महिलाओं, किसानों सभी वर्गों ने नया बिहार बनाने और नौजवान तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए वोट किया है। उन्होंने कहा कि बिहार में सरकार बदलेगी तो बिहार बदलेगा। नौजवानों को नौकरी रोजगार मिलेगा। बिहार के नौजवान बिहार में नौकरी करेंगे। अपने परिवार के साथ रहेंगे। नौकरी भी करेंगे और परिवार की देखभाल भी करेंगे।

श्री यादव ने कहा कि जब तेजस्वी यादव ने नौकरी देने का वादा किया तब से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के लोग सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा इसलिए सवाल उठा रही है क्योंकि उसके एजेंडे में नौकरी, रोजगार और विकास नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के एजेंडे में नफरत फैलाना, झूठ बोलना, झूठे वादे करना है। भाजपा ने युवाओं को हर साल दो करोड़ नौकरी देने का वादा किया था। किसानों की आय दोगुना करने का वादा किया था। लेकिन कोई वादा नहीं पूरा किया। भाजपा दस साल से केन्द्र की सरकार में है, लेकिन नौजवानों को नौकरी नहीं दी। किसानों की आय दोगुनी नहीं की। दिल्ली से भाजपा के लोग भाषण देने आते है। बड़े-बड़े जुमले फेंकते है। झूठी बातें करते हैं। 11 साल से दिल्ली की सरकार में है, लेकिन महंगाई और नौकरी पर कुछ नहीं बोलते है।

सपा अध्यक्ष ने कहा कि बिहार में जब तेजस्वी यादव युवाओं को नौकरी दे रहे थे तो भाजपा घबरा गयी। उसने षडयंत्र करके महागठबंधन की सरकार गिरा दी। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग बिहार और बिहार के युवाओं के दुश्मन है। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता बहुत जागरूक है। कभी भाजपा को खुद की सरकार बनाने का मौका नहीं दिया।

श्री यादव ने कहा कि पहले चरण के चुनाव के बाद राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के लोग अन्दर ही अन्दर एक दूसरे पर तीर चला रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि अब बिहार में राजग की सरकार नहीं बनेगी। इस बार बिहार में तेजस्वी सरकार आ रही है। अब नौजवानों का पलायन नहीं होगा। इस चुनाव में भाजपा का पलायन हो जाएगा।

श्री यादव ने कहा कि बिहार की जनता ने हमेशा साम्प्रदायिक ताकतों को परास्त किया है। यहां की जनता ने कभी साम्प्रदायिक लोगों को कामयाब नहीं होने दिया। उन्होंने कहा कि एक बार बिहार ने भाजपा का रथ रोका था, इस बार बिहार का नौजवान भाजपा की हार लिखेगा। भाजपा की ऐसी विदाई हो रही है, वह कभी लौट कर नहीं आयेगी। उन्होंने कहा कि बिहार में भाजपा की कई टीमें है। भाजपा की बी टीम है। सी टीम है। पी टीम है। इन टीमों से सावधान रहना है।

श्री यादव ने कहा कि पहले चरण में ही बिहार में महाठबंधन की सरकार बनाने का संदेश मिला है। उन्होंने कहा कि दूसरे चरण में भाजपा का पूरा का पूरा सफाया हो जायेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित