पटना , मार्च 09 -- बिहार के डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन मंत्री सुरेन्द्र मेहता ने सोमवार को कहा कि राज्य में बकरी पालन को बढ़ावा देने के लिए हाल ही में गोट सिमेन बैंक की स्थापना की योजना को स्वीकृति दी गई है, जिससे नस्ल में गुणात्मक सुधार, मेमनों की मृत्यु दर में कमी और उत्पादन में वृद्धि होगी।

मंत्री श्री मेहता ने जलवायु अनुकूल बकरीपालन एवं प्रबंधन विषय पर आयोजित कार्यशाला को संबोधित करते हुये कहा कि भारत में लगभग 12 करोड़ बकरियाँ हैं, जो विश्व की कुल बकरी आबादी का करीब 20 प्रतिशत है, जबकि बिहार में 1.28 करोड़ बकरियाँ हैं और संख्या के आधार पर राज्य देश में चैथे स्थान पर है। उन्होंने बताया कि राज्य में बकरी पालन को बढ़ावा देने के लिए हाल ही में गोट सिमेन बैंक की स्थापना की योजना को स्वीकृति दी गई है, जिससे नस्ल में गुणात्मक सुधार, मेमनों की मृत्यु दर में कमी और उत्पादन में वृद्धि होगी।

मंत्री ने कहा कि बिहार की जलवायु और भौगोलिक परिस्थितियाँ बकरी पालन के लिए अत्यंत अनुकूल हैं। उन्होंने कहा कि कम संसाधनों में भी बकरियाँ आसानी से पाली जा सकती हैं, इसलिए हजारों छोटे व सीमांत किसान तथा महिलाएँ इससे अपनी आय बढ़ा रही हैं। उन्होंने किसानों से बकरी पालन को वैज्ञानिक एवं आधुनिक तरीके से अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार प्रशिक्षण, आधुनिक फार्म, सुदृढ़ पशु स्वास्थ्य सेवाएँ, कृत्रिम गर्भाधान तथा बेहतर बाजार व्यवस्था के माध्यम से इसे एक सशक्त ग्रामीण उद्योग के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित