पटना , अप्रैल 25 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) की प्रदेश प्रवक्ता अंजुम आरा ने शनिवार को कहा कि बिहार में 'नीतीश मॉडल' ही विकास का वास्तविक आधार है।
श्री मती आरा ने आज बयान जारी कर कहा कि पिछले दो दशकों में नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य ने 'न्याय के साथ सबका विकास' सिद्धांत पर आधारित एक सशक्त और अनुकरणीय विकास मॉडल स्थापित किया है, जो बिहार के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रख रहा है।
जदयू प्रवक्ता ने कहा कि हाल ही में बिहार विधानसभा में संपन्न विश्वास मत के दौरान सत्ता पक्ष के सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से नीतीश कुमार के नेतृत्व तथा उनकी नीतियों में पूर्ण विश्वास व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक समर्थन नहीं, बल्कि राज्य के सतत, समावेशी और न्यायसंगत विकास के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का स्पष्ट प्रमाण है।
श्रीमती आरा ने कहा कि 'नीतीश मॉडल' ने सुशासन, सामाजिक न्याय, आधारभूत संरचना के विस्तार, महिला सशक्तिकरण, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में ऐतिहासिक परिवर्तन सुनिश्चित किए हैं। परिणामस्वरूप, आज बिहार विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और देश के सामने एक आदर्श राज्य के रूप में उभर रहा है।
जदयू प्रवक्ता ने कहा कि यह स्पष्ट है कि 'नीतीश मॉडल' ही बिहार के समावेशी और संतुलित विकास की आधारशिला है, और इसी मार्ग पर आगे बढ़ते हुए राज्य निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित