पटना , अक्टूबर 17 -- बिहार चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्टार प्रचारकों में शामिल मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को कहा कि बिहार में नीतीश कुमार के मुख्यमंत्री बनने के बाद प्रदेश की तस्वीर बदली है और रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ युवाओं के पलायन में कमी भी आई है।
श्री यादव ने कहा कि देश में किसी को भी बिहार के युवाओं की क्षमता और योग्यता पर कोई शक नहीं है और उनकी बदौलत बिहार भविष्य में तेजी से तरक्की करेगा।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री आज गया शहर सीट पर नौवीं बार चुनाव लड़ रहे भाजपा के प्रत्याशी डॉ. प्रेम कुमार के नामांकन समारोह के बाद गया के हरिदास सेमिनरी स्कूल प्रेक्षागृह में आयोजित कार्यक्रम में बोल रहे थे।
श्री यादव ने कांग्रेस सहित संपूर्ण इंडिया गठबंधन को आड़े हाथों लिया और कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी देश-विदेश जहाँ भी जाते हैं, अपनी बातों से देश को अपमानित करते हैं,जिसकी वजह से भारत का लोकतंत्र को कलंकित होता हैश्री यादव ने कहा है कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और उसके हाथों में देश का लोकतंत्र सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार बिहार में चहुंमुखी विकास कर रही है।
भाजपा के नेता ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष बिहार को छोटा-मोटा राज्य कहते हैं, पंजाब के मुख्यमंत्री कहते हैं कि जब भी कोई गड़बड़ होती है तो उसमे बिहार का कनेक्शन होता है और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री बिहार के लोगों को गाली देती हैं। इन नेताओं की ऐसी भावना उनकी गलत मानसिकता का परिचायक है।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा में एक सामान्य कार्यकर्त्ता भी अपने मेहनत से शीर्ष नेता बन सकता है जिसका उदाहरण वह स्वयं हैं। उन्होंने कहा कि कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि भी होने के बावजूद पार्टी ने उनको अवसर दिया।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके प्रदेश का बिहार और गया से विशेष नाता है और मेरी कुल देवी बराह माता भी यहां हैं। उन्होंने कहा कि लगभग 2200 साल पहले सम्राट अशोक उज्जैन से युवराज बनकर बिहार लौटे और यहां राजा बने।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित