लखनऊ , नवंबर 08 -- समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा कि बिहार में इंडिया गठबंधन की सरकार बनते देख भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) घबरा गयी है।

श्री यादव ने इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के पक्ष में चार विशाल चुनावी जनसभाओं को सम्बोधित किया। उन्होने कहा कि इंडिया गठबंधन बिहार के नौजवानों को नौकरी, रोजगार, छात्रों को लैपटॉप देने, एक्सप्रेस-वे, और सड़कें बनाने की बात कर रही है। जबकि राजग के लोग कट्टे और जंगलराज की बात कर रहे हैं। भाजपा ने बिहार को बर्बाद कर दिया है। किसानों, नौजवानों, व्यापारियों सभी वर्गों को धोखा दिया है। उन्होने कहा कि दिल्ली से जो आते हैं वे प्रधानमंत्री नहीं उद्योगपति हैं। उन्हें गरीबों की चिंता नहीं है। उन्होंने महंगाई चरम पर पहुंचा दिया है। गैस सिलेण्डर के दाम बढ़ा दिए। डीजल-पेट्रोल के दाम बढ़ा दिये। उन्हें गरीबों नहीं सिर्फ उद्योगपतियों की चिंता है। वे उद्योगपतियों को बैंकों से पैसा दिलाते हैं। उद्योगपतियों को बढ़ाते हैं। पिछले दस साल में अपने करीबी उद्योगपतियों को बैंकों में जमा जनता का पैसा दिलाकर बहुत आगे बढ़ा दिया है। जनता भाजपा के धोखा और झूठ को समझ गयी है। बिहार में बदलाव हो रहा है।

श्री यादव ने कहा कि बिहार में नौजवान तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बन रहे है। तेजस्वी हर घर नौकरी देंगे। माताओं-बहनों को हर महीने 2500 रुपये महीने देंगे। महंगाई कम करेंगे। गैस सिलेण्डर 500 रूपया में मिलेगा। हर घर को 200 यूनिट बिजली मुफ्त देंगे। छात्राओं को साइकिल देंगे। हमने उत्तर प्रदेश में समाजवादी सरकार के दौरान छात्र-छात्राओं को 20 लाख लैपटॉप बांटे थे। जब तेजस्वी यादव हर घर नौकरी देने की बात करते है तो दिल्ली से आ रहे भाजपा के नेता सवाल उठा रहे है। हमारा कहना है कि अगर प्रधानमंत्री उद्योगपतियों को बैंकों से पैसा दिलाकर उन्हें आगे बढ़ा सकते है। उनकी फैक्ट्रियां और उद्योग लगवा सकते हैं तो तेजस्वी यादव भी सरकारी पैसे से गरीबों को नौकरी देंगे।

उन्होने कहा कि भाजपा सरकार में बिहार का नौजवान पलायन करने पर मजबूर है। बिहार में महंगाई, बेरोजगारी पलायन के लिए भाजपा जिम्मेदार है। तेजस्वी मुख्यमंत्री बनेंगे तो नौजवानों का पलायन नहीं होगा। युवाओं को बिहार में ही नौकरी मिलेगी, वे अपने घर और परिवार में रहेंगे। सरकार बदलेगी बिहार बदलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित