पटना , फरवरी 10 -- बिहार सरकार के मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग ने अवैध शराब के विरुद्ध चलाए जा अभियान के तहत जनवरी माह में 654844 लीटर से अधिक शराब जब्त की है।
मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग ने 01 जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक राज्यभर में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। इस अवधि में सभी जिलों में सतत एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब कारोबारियों पर कड़ा प्रहार किया गया। जनवरी माह के दौरान राज्य के विभिन्न जिलों में की गई छापेमारी में कुल 654844 लीटर अवैध शराब की बरामदगी की गई।
छापेमारी के दौरान अवैध शराब के भंडारण एवं परिवहन में प्रयुक्त 861 छोटे-बड़े वाहनों को भी जब्त किया गया। इस दौरान 117148 छापेमारियां की गई, साथ ही, शराब तस्करी में संलिप्त 15811 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया, जिनके विरुद्ध संबंधित थानों में विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। पटना सदर, सारण, रोहतास, समस्तीपुर, मुज़फ्फरपुर, वैशाली, गया, पूर्णिया, मधुबनी सहित अन्य जिलों में उल्लेखनीय कार्रवाई दर्ज की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित