पटना , फरवरी 08 -- राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने रविवार को आरोप लगाया कि प्रदेश में अराजकता और अव्यवस्था का आलम है और विधि व्यवस्था चरमरा गयी है। श्री यादव ने आज बयान जारी कर कहा कि बिहार के दरभंगा जिले में छह साल की नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म के कारणबाद नृशंस हत्या कर दी गई है। उन्होंने कहा कि बिहार में पीड़ितों और गरीबों की कहीं कोई सुनने वाला नहीं है। पुलिस की रिकॉर्डतोड़ नाकामयाबी, कम दोष-सिद्धि दर और ज्वलंत घटनाओं पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अनभिज्ञता के चलते जनता अब सड़कों पर उतर चुकी है।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि प्रदेश अराजकता और अव्यवस्था की हालत में चला गया है।उन्होंने आरोप लगाया कि विधि व्यवस्था चरमरा गयी है। अपराधियों और सत्ताधारी नेताओं के गठबंधन के बीच जनता पीस रही है। विगत दिनों के आंकड़े कहते हैं कि बहन-बेटियों के साथ बलात्कार और हत्या की घटनाओं में अप्रत्याशित वृद्धि हुई है।

श्री यादव ने आरोप लगाया कि सत्ता संरक्षण में बलात्कारियों, हत्यारों और अपराधियों के हौसले बुलंद है। उन्होंने कहा कि ख़ुद सरकार के मंत्री सत्ता संपोषित अपराध को खुलेआम स्वीकार कर रहे है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक तथा इस पर मुख्यमंत्री की चुप्पी तकलीफदेह है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित