पटना , मार्च 17 -- 1 से 17 मार्च तक पाटलिपुत्र खेल परिसर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित द्वितीय बिहार महिला कबड्डी लीग-2026 का मंगलवार को भव्य समापन हो गया। मगध वॉरियर्स के सिर चैंपियन का ताज सजा और सारण स्ट्राइकर्स उप विजेता और सिवान टाइटंस तीसरे स्थान पर रहा। सारण स्ट्राइकर्स को 21 के मुकाबले मगध वॉरियर्स ने 24 अंकों हराकर फाइनल मुकाबला जीत लिया।

इस प्रतियोगिता में बेस्ट रेडर ऑफ सीजन का पुरस्कार मुस्कान (सारण स्ट्राइकर्स), बेस्ट डिफेंडर का पुरस्कार शिवानी (सारण स्ट्राइकर्स), प्लेयर ऑफ सीजन का पुरस्कार नैंसी प्रिया (मगध वॉरियर्स), बेस्ट कोच ऑफ सीजन-2 मेनका कुमारी (सारण स्ट्राइकर्स), बेस्ट रेफरी ऑफ सीजन का पुरस्कार राणा रंजीत सिंह पदान किया गया।

फाइनल मैच में मुख्य अतिथि बिहार के वित्त एवं ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव और विशिष्ट अतिथि शिक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री सुनील कुमार रहे। इस अवसर पर बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण, खेल विभाग के सचिव महेन्द्र कुमार, खेल निदेशक रविंद्र नाथ चौधरी, उप निदेशक हिमांशु सिंह, क्रीड़ा कार्यपालक आनंदी कुमार, और बिहार कबड्डी संघ के चेयरमैन कुमार विजय भी उपस्थित थे।

प्रारंभ में मुख्य अतिथि बिहार के वित्त एवं ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने आज सुबह सीवान टाइटन्स और सारण स्ट्राइकर्स के बीच खेले गए दूसरे क्वालीफायर की बेस्ट रेडर इंदु कुमारी (सिवान टाइटंस) और बेस्ट डिफेंडर शिवानी कुमारी (सारण स्ट्राइकर्स) को दो-दो हजार रुपये की नकद राशि से पुरस्कृत और प्रोत्साहित किया। जबकि शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने विजेताओं को ट्रॉफी, मेडल और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

विशिष्ट अतिथि सुनील कुमार ने कहा कि खेल के सर्वागीण विकास के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता और बिहार की खेल प्रतिभाओं के कारण आज बिहार खेल के क्षेत्र में लगातार नयी ऊंचाईयों को छू रहा है। इस प्रतियोगिता में बिहार की बेटियों की खेल क्षमता का भी प्रदर्शन हुआ है जो अत्यंत सराहनीय है। शिक्षा विभाग द्वारा भी इस तरह की प्रतियोगिता का आयोजन कर बिहार के खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जाएगा।

खेल प्राधिकरण के महानिदेशक सह मुख्य कार्यकारी अधिकारी रवीन्द्रण शंकरण ने बताया कि पिछली कबड्डी लीग के विजेता को 1.5 लाख, उप विजेता को 75 हजार और तीसरे स्थान को 50 हजार की नकद राशि पुरस्कार के तौर पर दी गई थी, लेकिन इस बार प्रतियोगिता की बढ़ती लोकप्रियता और महिला खिलाडियों की इसके प्रति बढ़ती अभिरुचि को ध्यान में रखते हुए खेल विभाग और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण ने मह्त्वपूर्ण फैसला लिया है कि बिहार महिला कबड्डी लीग के द्वितीय संस्करण के विजेता को 6.5 लाख, उप विजेता को 3.5 लाख और तीसरे स्थान वाले को 2.5 लाख रुपए नकद पुरस्कार राशि के रुप में दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कुल 42 खिलाडियों को राजगीर में विशेषज्ञों की निगरानी में प्रशिक्षित किया जाएगा और इनमें से ही राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए बिहार की टीम का गठन किया जाएगा। प्रतियोगिता की बेस्ट रेडर, बेस्ट डिफेंडर और ओवर ऑल बेस्ट प्लेयर को नकद राशि के साथ एक एक स्कूटी भी पुरस्कार के रुप में दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित