पटना , अप्रैल 01 -- मीन से जुड़े मामलों में आम लोगों की परेशानी दूर करने के उद्देश्य से दो अप्रैल 2026 को छपरा शहर में स्थित भिखारी ठाकुर प्रेक्षा गृह में भूमि सुधार जन कल्याण संवाद का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा करेंगे। इस दौरान वे आम लोगों की समस्याएं सुनेंगे और मौके पर समाधान का निर्देश देंगे।

उपमुख्यमंत्री श्री सिन्हा ने निर्देश दिया है कि संवाद कार्यक्रम में हर अंचल के लिए रजिस्ट्रेशन काउंटर बनाए जाएंगे।काउंटर पर दाखिल-खारिज, परिमार्जन, मापी, भूमि विवाद, अतिक्रमण समेत अन्य सभी शिकायतों से संबंधित मामलों का रजिस्ट्रेशन किया जाएगा।

उपमुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिन शिकायतकर्ताओं ने पहले भी अपनी समस्या को लेकर आवेदन दिया है और उसकी प्रति साथ लाएंगे तो उनकी शिकायत को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाएगा।

भूमि सुधार जन कल्याण संवाद का आयोजन भिखारी ठाकुर प्रेक्षा गृह में किया गया है। आवेदनकर्ताओं का रजिस्ट्रेशन सुबह 09 बजे से 10.30 बजे तक अंचलवार लगाए गए काउंटरों पर होगा। इसके बाद 11 बजे से 2:30 बजे तक उपमुख्यमंत्री आम लोगों की समस्या अधिकारियों-कर्मचारियों को आमने-सामने बैठाकर सुनेंगे। आवेदन में अंचल का नाम, आवेदक का नाम, पूरा पता और मोबाइल नंबर लिखना अनिवार्य होगा। इससे आवेदन पर होने वाली आगे की कार्रवाई की जानकारी मोबाइल पर मैसेज के जरिए दी जा सकेगी।

इसी दिन दोपहर 3:30 बजे से 05 बजे तक ऑडिटोरियम में ही राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक होगी। इसमें प्रमंडलीय आयुक्त, समाहर्ता, जिला बंदोबस्त पदाधिकारी, अपर समाहर्ता, भूमि सुधार उप समाहर्ता, अंचल अधिकारी समेत अन्य अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहेंगे।

बैठक में लंबित दाखिल-खारिज, परिमार्जन, मापी और अभियान बसेरा 2 की स्थिति की राजस्व ग्रामवार समीक्षा की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित