पटना , दिसम्बर 24 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा ) ने बुधवार को पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती की पूर्व संध्या पर दीपोत्सव मनाया। अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाओं के पास दीप जलाए गए और रोशनी की गई। अटल बिहारी की स्मृतियों को नमन करते हुए प्रदेश कार्यालय को दीपों से सजाया गया।

पाटलिपुत्र गोलंबर के पास अटल पार्क में भी दीपोत्सव मनाया गया। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने कहा, "यह दीपोत्सव अटलजी के विचारों, राष्ट्रनिष्ठा और सुशासन की प्रेरणा को जीवंत रखने का प्रतीक है। उनका मार्गदर्शन आज भी कार्यकर्ताओं को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता है।"श्री सरावगी ने कहा कि आज प्रदेश में अटल बिहारी वाजपेयी की जहां भी प्रतिमा है या उनके नाम पर भवन, संस्थाएं हैं, वहां दीप जलाकर दीपोत्सव मनाया गया है। उन्होंने कहा, "वाजपेयी जी ने अपना सम्पूर्ण जीवन मातृभूमि की सेवा में समर्पित किया। आज भी उनके देश के प्रति समर्पण का भाव करोड़ों लोगों को प्रेरणा देता है।"उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती की पूर्व संध्या पर देश को समृद्ध, शक्तिशाली और विकसित राष्ट्र बनाने में अपनी सहभागिता निभाने का आह्वान करते हुए कहा कि यही पूर्व प्रधानमंत्री वाजपेयी जी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के पद चिन्हों पर चलकर देश को समृद्ध, आत्मनिर्भर बनाने में जुटे हुए हैं। उनका प्रयास ही है कि आज हम दुनिया भर में तेजी से आगे बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था में शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित