दरभंगा, फरवरी 13 -- बिहार भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष एवं दरभंगा के नगर विधायक संजय सरावगी की मां श्रीमती राधा देवी सरावगी का अंतिम संस्कार शुक्रवार की देर शाम सतीहारा स्थित बागमती नदी के किनारे स्थित श्मशान घाट पर संपन्न हुआ।

श्रीमती राधा देवी सरावगी को मुखाग्नि उनके ज्येष्ठ पुत्र संजय सरावगी ने दी। इस अवसर पर बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।

गौरतलब है कि श्री सरावगी की मां श्रीमती राधा देवी सरावगी का आज सुबह मुंबई स्थित हिंदुजा अस्पताल में निधन हो गया है। वह लगभग 72 वर्ष की थी। वह अपने पीछे पति, तीन पुत्र, पुत्र वधुओं समेत भरा पूरा परिवार छोड़ गई है। दोपहर दो बजे के करीब उनका शव विशेष विमान से दरभंगा स्थित आवास पर पहुंचा जहां बड़ी संख्या में लोगों ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्पमाला अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

श्रीमती राधा देवी सरावगी धर्म परायण महिला थी और सामाजिक कार्यों में बढ़ चढ़कर हिस्सा लेती थी।

इस अवसर पर बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री दिलीप कुमार जायसवाल, समाज कल्याण मंत्री मदन सहनी, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सह विधान पार्षद संजय मयूख, प्रदेश संगठन महामंत्री भिखूभाई दलसानिया, पूर्व मंत्री सह कुढ़नी के भाजपा विधायक केदार गुप्ता, जाले के विधायक जीवेश मिश्रा, विधायक ललन पासवान, संजय सिंह, विधान पार्षद तरुण कुमार ने उनके आवास पर जाकर उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी एवं शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित